दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने के बाद करीब 27 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो गया है। हादसे में 7 लोगों की मौत हुई है और 5 लोग घायल हैं। घायलों में से 3 की हालत बेहद गम्भीर है। इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने भी फटकार लगाई है।
एनसीआई@नई दिल्ली
दिल्ली के सत्य निकेतन में एक बॉयज हॉस्टल की इमारत गिरने के बाद करीब 27 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो गया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, हादसे में 7 लोगों की मौत हुई है, जबकि 5 लोग घायल हैं। घायलों में 3 की हालत बेहद गम्भीर है। इस पूरे मामले में बिल्डिंग मालिक के अलावा उसके बेटे और पत्नी को भी गिरफ्तार किया गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि बिल्डिंग पत्नी के नाम है, वहीं इसका सारा काम बेटा देखता था।
हादसे में जान गंवाने वालों में 20 वर्षीय छात्र अभिषेक पुत्र संतोष कुमार, निवासी सोनभद्र, उत्तर प्रदेश, 20 वर्षीय छात्र युवराज सोनी पुत्र कन्हैया लाल सोनी, निवासी दुर्ग, छत्तीसगढ़, 17 वर्षीय छात्र पवन पुत्र विश्वंभर नाथ, निवासी औरैया, उत्तर प्रदेश, 19 वर्षीय छात्र अर्पित जहाज पुत्र भूपेंद्र जहाज, निवासी देवास, मध्य प्रदेश, 18 वर्षीय छात्र अक्षत सिंह यादव पुत्र मंता सिंह यादव, निवासी कटनी, मध्य प्रदेश, 75 वर्षीय मजदूर सुरिंदर सिंह पुत्र केवल सिंह व एक अज्ञात पुरुष शामिल हैं।
इनके अलावा घायलों में असगर अली (30), नीरज बावा (19), आदित्य कुमार (19) नितीश चिब (19) पुत्र पवन, मोहम्मद अयान (18) पुत्र मोहम्मद वकील शामिल हैं।

दिल्ली के सभी PG की स्ट्रक्चरल ऑडिट होगी
इस हादसे के बाद दिल्ली के सभी PG के स्ट्रक्चरल ऑडिट के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह आदेश दिया है। मुखर्जी नगर, राजेंद्र नगर, लक्ष्मी नगर, सत्य निकेतन और साकेत जैसे इलाकों में खास नजर रखी जाएगी।
पुलिस ने बिल्डिंग के मालिक 70 वर्षीय हरिराम गुप्ता को राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़ा। हादसे के बाद से ही दिल्ली पुलिस हरिराम गुप्ता की तलाश कर रही थी। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने पालम विहार स्थित उसके घर पर छापेमारी की थी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। पुलिस को शक था कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए किसी सुरक्षित जगह पर छिपा है। पुलिस ने उसके करीबियों और सहयोगियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की।
इन 5 अधिकारियों को किया सस्पेंड
इस मामले में MCD के डिप्टी कमिश्नर, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स प्लेटफार्म पर इसकी जानकारी दी। अपनी पोस्ट में उन्होंने बताया कि दिल्लीभर में बिना अनुमति बनाई गई पांचवीं मंजिल वाली इमारतों को तत्काल सील करने का आदेश दिया गया है। आसपास के PG और इमारतों की भी गहन जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर सील करने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली सरकार ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। सरकार ने कहा है कि जो भी व्यक्ति दोषी या जिम्मेदार पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
हाईकोर्ट भी सख्त
दिल्ली हाईकोर्ट ने सत्य निकेतन में PG हॉस्टल के तौर पर चल रही इमारत के गिरने के मामले में दाखिल PIL पर सुनवाई करते हुए दिल्ली सरकार, केन्द्र सरकार, MCD, दिल्ली पुलिस, दिल्ली यूनिवर्सिटी और NHRC को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि वह दिल्ली सरकार, केन्द्र और MCD की ओर से पेश होंगे। कोर्ट ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। मामले में अगली सुनवाई 25 तारीख को होगी।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि हर कुछ महीनों में ऐसी घटनाएं होती हैं, जिनमें निर्दोष छात्रों की जान चली जाती है. उन्होंने कहा कि MCD को इस दिशा में कुछ करना चाहिए।
