E20 फ्यूल और पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण से माइलेज घटने को लेकर जारी विवाद को यूट्यूबर सौरव जोशी ने अपनी मर्सिडीज कार से जोड़कर जिस तरह हवा दी, उसी तरह एक झटके में उसने यू-टर्न भी ले लिया। अब कह रहा है कि E20 पेट्रोल की वजह से उसकी मर्सिडीज-बेंज जीएलसी 300 एसयूवी का माइलेज नहीं घटा, बल्कि इंजन में कोई और दिक्कत थी। इस मामले में मर्सिडीज-बेंज पहले ही अपना पक्ष रख चुकी है। आइए, विस्तार से इस मामले को बताते हैं।
एनसीआई@नई दिल्ली/सेन्ट्रल डेस्क
मौजूदा समय में E20 पेट्रोल को लेकर देशभर में भारी विवाद छिड़ा हुआ है, बहस चल रही है। आम जनता से लेकर बड़े-बड़े यूट्यूबर भी इस मुद्दे पर अपनी राय और कथित अनुभव भी साझा कर रहे हैं। इसी क्रम में बीते सप्ताह बिहार के एक यूट्यूबर मनीष कश्यप ने टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस को लेकर इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर विवाद खड़ा कर दिया था। वह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि उत्तराखंड के फेमस व्लॉगर सौरव जोशी ने अपनी पत्नी के साथ गाड़ी चलाते हुए आरोप लगाया कि इथेनॉल मिले पेट्रोल की वजह से उसकी मर्सिडीज कार का माइलेज 17 से घटकर 5 kmpl पर आ गया। इस मामले ने कुछ ही मिनटों में तूल पकड़ लिया और विवाद बढ़ गया। मगर अब इस मामले में खुद सौरव जोशी ने यू-टर्न ले लिया और कहा कि, E20 पेट्रोल की वजह से नहीं, बल्कि इंजन में कुछ दिक्कतों की वजह से उसकी कार का माइलेज ड्रॉप हुआ।
सौरव जोशी ने अब यह कहा
सबसे पहले आपको यूट्यूबर सौरव जोशी के लेटेस्ट ट्वीट की भाषा बताते हैं कि क्या लिखा है। जोशी ने लिखा है- हम मर्सिडीज-बेंज के सर्विस सेंटर गए और वहां पता चला कि इंजन में कोई दिक्कत थी, जिसकी वजह से माइलेज कम मिल रहा था। ऐसे में E20 पेट्रोल को लेकर हुई गलतफहमी के लिए मैं माफी मांगता हूं। मेरा मकसद कभी भी गलत जानकारी फैलाना या किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। मैंने उस हिस्से को उसी हिसाब से हटा दिया है।

मर्सिडीज-बेंज इंडिया को बयान जारी करना पड़ा था
अब बात आती है कि बिना जानकारी के किसी भी मुद्दे पर बोल देना और बाद में अफसोस जताते हुए माफी मांग लेने का जो ट्रेंड इन दिनों चल रहा है, उससे कितना नुकसान होता है, इसका सौरव जोशी या मनीष कश्यप जैसे लोगों को शायद ही अंदाजा हो। जब सौरव जोशी के पहले वीडियो पर ई20 विवाद को हवा लगी, तो इसमें मर्सिडीज बेंज का नाम निश्चित तौर पर प्रभावित हुआ और कम्पनी ने स्पष्ट किया कि उनकी सभी BS VI पेट्रोल कारें E20 फ्यूल के साथ पूरी तरह से कम्पेटिबल हैं।
जोशी ने कहा था- माइलेज 16-17 से गिरकर 5 kmpl पर आ गया
अब आपको सौरव जोशी के पहले वीडियो में इथेनॉल मिश्रित ई20 पेट्रोल को लेकर लगाए आरोपों के बारे में बताएं। दरअसल, जोशी ने आरोप लगाया था कि E20 (20 फीसदी इथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल भरवाने के बाद उसकी कार का माइलेज 16-17 kmpl से गिरकर 5 kmpl पर आ गया। सौरव जोशी द्वारा Mercedes-Benz GLC 300 के माइलेज में भारी गिरावट का दावा करना एक बड़ा विवाद बन गया था, लेकिन यहां एक बात बताना जरूरी है कि मर्सिडीज-बेंज GLC 300 4MATIC की ARAI सर्टिफाइड रेंज ही लगभग 14.7 kmpl है। ऐसे में यूट्यूबर जोशी के आरोप से एक बात तो साबित होता है कि उसे अपनी कार के माइलेज के बारे में भी सही से जानकारी नहीं थी।
आखिरकार माइलेज की हकीकत यह है
इन सबके बीच आपके लिए यह जानना जरूरी है कि E 20 फ्यूल से माइलेज ड्रॉप की बात को खुद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने स्वीकारा है, लेकिन यूट्यूबर के दावे जरूरत से ज्यादा फ्रेम्ड लगते हैं। आमजनों ने भी कहा है कि उनकी कार का माइलेज 30 फीसदी तक गिर गया है। वहीं, ऑटोमोटिव एक्सपर्ट्स का मानना है कि E20 फ्यूल से माइलेज में अधिकतम 3 से 5 फीसदी तक की ही गिरावट आती है। 60 फीसदी तक की भारी गिरावट किसी फ्यूल की समस्या के बजाय कार में किसी मैकेनिकल खराबी, सेंसर की समस्या या किसी अन्य तकनीकी गड़बड़ी से ही हो सकती है।
