बूथ पर जारी मतदान के बीच कर्मचारी निकला कोरोना पॉजिटिव, मचा हड़कम्प
एनसीआई@बून्दी/हिंडोली
हिंडोली पंचायत समिति क्षेत्र में आज पंचायती राज चुनाव के मतदान के दौरान उस वक्त भारी खलल पड़ गया, जब सीनियर सेकंडरी स्कूल, गुढ़ा बांध में बने बूथ संख्या 92 के एक मतदान कर्मचारी को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की सूचना मिली। इस कर्मचारी ने 2 दिन पूर्व कोरोना संक्रमण की जांच के लिए अपना सेम्पल दिया था।
मतदान प्रक्रिया के बीच जैसे ही इस कर्मचारी के पॉजिटिव पाए जाने की सूचना मिली, बूथ पर हड़कम्प मच गया। प्रशासन को यह जानकारी मिली तो उसके भी हाथ-पांव फूल गए। तुरंत मतदान रोका गया। साथ ही संक्रमित पाए गए कर्मचारी को जिला चिकित्सालय लाया गया। एसडीएम मुकेश चौधरी व सीएमएचओ डॉ. जीएल मीणा मौके पर पहुंचे। इसके बाद बूथ से सभी मतदान कर्मियों को हटाकर नए मतदान कर्मी लगाए गए। इसके बाद मतदान वापस शुरू हो सका। इस कारण करीब आधे घंटे तक मतदान रुका रहा था। बताया गया कि हटाए गए इन सभी मतदान कर्मियों को भी जिला अस्पताल लाकर कोरोना संक्रमण जांच के लिए सेम्पल लिए गए। अब जब तक इनकी जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक ये होम आइसोलेशन में रहेंगे।
