ट्रेलर की टक्कर से अध्यापक और उनकी पत्नी की मौत, आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक से उछलकर गिरे, रिश्तेदार की शादी में जा रहे थे
एनसीआई@सीकर
तेज रफ्तार ट्रेलर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में सरकारी अध्यापक और उनकी पत्नी की मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह हादसा आज बुधवार दोपहर करीब एक बजे सीकर-उदयपुरवाटी रोड पर हुआ। झुंझुनूं जिले की गोठड़ा थाना पुलिस ने दोनों के शवों को सीकर के श्रीकल्याण जिला हॉस्पिटल की मॉच्युरी में पहुंचाया। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रेलर को मौके पर छोड़ फरार हो गया। पुलिस ट्रेलर को जब्त कर आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है।

गोठड़ा थाने के एएसआई करणी सिंह मांजू ने बताया कि हादसे में सीकर के रेटा गांव के रहने अशोक गुर्जर (32) और उनकी पत्नी पूजा (25) की मौत हुई है। अशोक गुर्जर जीणमाता गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अध्यापक थे।
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार बताया अशोक उनकी पत्नी के साथ बाइक पर आज बाइक पर अपने गांव रेटा से चेचियों की ढाणी, टोडपुरा एक रिश्तेदार की शादी में जा रहे थे। पहले रास्ते में अशोक ने जीणमाता स्थित अपने स्कूल में रुक कर छुट्टी ली। इसके बाद दोनों पति-पत्नी टोडपुरा के लिए रवाना हुए। रास्ते में गोल्याना के पास सामने से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पति-पत्नी बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। इससे इनके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गम्भीर चोटें आईं और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चार साल पहले हुई थी शादी
मौके से गुजर रहे लोगों ने गोठड़ा थाना (झुंझुनूं) में सूचना दी। पुलिस ने क्षआकर शवों को सीकर के एसके जिला हॉस्पिटल लेकर गए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
टीचर के रिश्तेदार राजू गुर्जर ने बताया कि दोनों की चार साल पहले ही शादी हुई थी। हादसे की खबर से रेटा गांव और पूजा के पीहर चेचियों की ढाणी (टोडपुरा) में कोहराम मच गया।
