खुशखबरी:जियो से अब अन्य नेटवर्क पर भी सभी कॉल मुफ्त
एनसीआई@नई दिल्ली
घरेलू वायस कॉल के लिए इंटरकनेक्ट यूसेज चार्ज (आईयूसी) व्यवस्था खत्म होने से रिलायंस जियो ने गुरुवार को कहा कि भारत में उसके नेटवर्क से अन्य नेटवर्कों पर सभी कॉल एक जनवरी 2021 से मुफ्त रहेंगे।
एक बयान के मुताबिक दूरसंचार नियामक के निर्देशों के अनुसार देश में एक जनवरी 2021 से बिल एंड कीप व्यवस्था लागू की जा रही है। इससे सभी घरेलू वॉयस कॉल के लिए आईयूसी शुल्क समाप्त हो जाएंगे।
कम्पनी ने आगे कहा, इंटरनेट से अलग घरेलू वायस कॉल शुल्क को शून्य पर वापस करने की अपनी प्रतिबद्धता को पूरा कर रही है। इसके तहत जैसे ही आईयूसी शुल्क खत्म होंगे, जियो एक बार फिर सभी ऑफ-नेट घरेलू वॉयस कॉल को मुफ्त कर देगी। इसकी शुरुआत 1 जनवरी 2021 से होगी। ऑन-नेट घरेलू वॉयस कॉल जियो नेटवर्क पर हमेशा मुफ्त रही है। सरल शब्दों में ऑफ-नेट कॉल उन कॉल को कहते हैं, जो दूसरे नेटवर्कों पर की जाती हैं।
पिछले एक साल से अधिक समय से, रिलायंस जियो ग्राहकों से दूसरे फोन नेटवर्क पर वॉयस कॉल करने पर प्रति मिनट छह पैसे का शुल्क ले रहा था, लेकिन साथ ही इसके बदले ग्राहकों को समान मूल्य का मुफ्त डेटा दिया जा रहा था।
