April 27, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान में कोरोना विस्फोट का लगातार 8 वें दिन बना नया रिकॉर्ड

राजस्थान में कोरोना विस्फोट का लगातार 8 वें दिन बना नया रिकॉर्ड

एनसीआई@जयपुर

राजस्थान में आठ दिन से लगातार नए कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या का रिकॉर्ड बन रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को भी 6,658 नए संक्रमित मिलने से नया रिकॉर्ड बन गया। वहीं, इस बीमारी से आज 33 लोगाें की मौत भी हो गई। राजस्थान बाल अधिकार संरक्षण आयोग की चेयरमैन संगीता बेनीवाल भी कोरोना पॉजिटिव आई हैं।
उल्लेखनीय है कि कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने 16 अप्रेल से प्रदेश के सभी शहरों में शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। इसे देखते हुए जयपुर मेट्रो ट्रेन के संचालन के समय में भी बदलाव किया गया है।
इससे पहले कल बुधवार को राज्य सरकार ने तमाम स्कूलों को 30 अप्रेल तक बंद करने के आदेश जारी किए थे। इसके अलावा 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। वहीं धार्मिक स्थलों को भी 16 अप्रेल से बंद करने के लिए कहा है। राज्य की जिलेवार रिपोर्ट देखें तो आज 33 में से 18 जिलों में कोरोना के केस 100 के पार हो गए हैं। इनमें जयपुर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर के अलावा छोटे शहर जालौर, झालावाड़, करौली, सीकर, सवाई माधोपुर जैसे जिले भी शामिल हैं।
आज सबसे ज्यादा नए केस जयपुर में 848 व जोधपुर में 847 मिले। वहीं उदयपुर में 711, कोटा में 638 और अलवर में 361 नए संक्रमित मिले। इसी क्रम में भीलवाड़ा में 332, अजमेर में 258, डूंगरपुर में 239, चित्तौड़गढ़ में 174, बीकानेर में 194, राजसमंद में 247, सवाई माधोपुर में 146, बांसवाड़ा में 66, धौलपुर में 61, बाड़मेर में 24, भरतपुर में 89, चूरू में 33, दौसा में 112, गंगानगर में 82, हनुमानगढ़ में 131, जैसलमेर में 28, जालौर में 121, झुंझुनू में 70, नागौर में 85, पाली में 54, प्रतापगढ़ में 51, सीकर में 145, सिरोही में 71 व टोंक में 64 संक्रमित मिले हैं।

हाड़ोती में 914 केस मिले

हाड़ोती संभाग मुख्यालय कोटा में 638‌ सहित झालावाड़ में 128, बून्दी में 32 व बारां में 116 संक्रमित मिले। कोटा में 4, झालावाड़ में 3 व बारां में 1 संक्रमित की मौत हो गई।

संक्रमण की दर 15 फीसदी से ऊपर, एक्टिव केस 49 हजार के पार

राजस्थान में आज संक्रमण की दर 15.34% रही। राज्य में आज 43,383 सेम्पल लिए गए थे। इनमें से 6,658 नमूने पॉजिटिव आए। राज्य में अब चिंता की सबसे बड़ी बात एक्टिव केस बने हुए हैं। यह अब 49,276 तक पहुंच गए हैं और तेजी से बढ़ रहे हैं। जबकि रिकवरी रेट बहुत धीमी गति से बढ़ रही है। आज 2, 254 लोग इस बीमारी से रिकवर हुए। राज्य में वर्तमान में रिकवरी रेट गिरकर 86.51% पर पहुंच गई है।

मेट्रो के संचालन समय में बदलाव

जयपुर में कल शुक्रवार से मेट्रो ट्रेन के संचालन समय में भी बदलाव किया गया है। जयपुर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने मानसरोवर और बड़ी चौपड़ स्टेशनों में सुबह 6.20 बजे से पहली ट्रेन चलाने का निर्णय किया है, जबकि आखिरी ट्रेन शाम 5.30 बजे चलेगी। मेट्रो के संचालन में ये बदलाव कल से लागू होने वाले नाइट कर्फ्यू को देखते हुए किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.