एनकाउंटर से पहले प्रेमिका से वीडियो कॉलिंग कर रहा था कमलेश, पुलिस के कहने पर लड़की ने उलझाए रखा
कमलेश के परिवार ने सीबीआई को एक ज्ञापन सौंपा है। इसमें उसकी किसी प्रेमिका का जिक्र है। परिवार की मांग है कि इस मामले में लड़की की भूमिका की भी जांच हो।
एनसीआई@बाड़मेर/जयपुर
अप्रेल में सरहदी जिले बाड़मेर में हुए राजस्थान के बहुचर्चित कमलेश प्रजापत एनकाउंटर मामले में अब नया ऐंगल सामने आ रहा है। इसमें अब तक व्यापारिक प्रतिस्पर्द्धा की बात कही जा रही थी, लेकिन अब कमलेश के घर वालों का कहना है कि उसके एनकाउंटर में एक लड़की का भी हाथ है, जो पुलिस के साथ साजिश में शामिल थी।
कमलेश प्रजापत का एनकाउंटर 22 अप्रेल की रात हुआ था। इसके बाद से ही पुलिस की भूमिका पर कई सवाल खड़े उठे थे। इस पर मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई।
अब सीबीआई की टीम बाड़मेर पहुंची है, जहां कमलेश के घर वालों का कहना है कि कमलेश की एक प्रेमिका थी जो उसके एनकाउंटर में शामिल है। इस सम्बन्ध में परिजनों ने सीबीआई को ज्ञापन सौंपा है।
एनकाउंटर से पहले लड़की ने बातों में उलझाए रखा
परिवार ने अपने ज्ञापन में कहा है कि एनकाउंटर से कुछ घंटे पहले इस लड़की ने कमलेश को वीडियो कॉल किया था। उसने ही कमलेश को बोतों में उलझा कर रखा। साथ में वो पुलिस को उसकी जानकारी देती रही। परिवार के इन आरोपों के बाद जांच में नया मोड़ सामने आ सकता है।
यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक पुलिस को 22 अप्रेल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाड़मेर के शिवकर रोड स्थित सेंटपॉल स्कूल के पास तस्कर कमलेश प्रजापत एक मकान में मौजूद है। इसके बाद मौके पर पहुंच कर पुलिस ने घर को चारों तरफ घेर लिया। इस पर कमलेश ने खिड़की से कूदकर पीछे बाड़े में खड़ी एसयूवी में बैठकर गेट को तोड़ डाला। बताया जा रहा है कि इसके बाद कमलेश ने कुछ पुलिस वालों को कुचलने का प्रयास किया। तब पुलिस के जवानों ने आत्मरक्षा में फायर किया। इसमें उसकी मौत हो गई। यह मामला गर्माने व भारी मांग के बाद इसकी जांच सीबीआई को सौंपी गई। इसमें बड़ा बखेड़ा यह भी है कि मामले में राज्य सरकार के राजस्व मंत्री हरीश चौधरी का हाथ होने का कमलेश के परिवारजनों ने आरोप लगाया है। इसीलिए प्रमुख रूप से सीबीआई जांच की मांग की गई थी।
