जिला कलक्टर गुप्ता की यह अहम अपील आपके लिए भी हो सकती है महत्वपूर्ण, गम्भीरता से लें बूंदीवासी
एनसीआई@बूंदी
जिला कलक्टर आशीष गुप्ता ने सितम्बर-अक्टूबर माह में सम्भावित कोविड-19 की तीसरी लहर के मद्देनजर टीकाकरण से शेष रहे लोगों से अपील की है कि वे टीकाकरण केन्द्रों पर आकर वेक्सीन लगवा लें। उन्होंने कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में वेक्सीन उपलब्ध है।आमजन की सुविधा के लिए टीकाकरण केन्द्रों पर सुविधाएं मुहैया करवाई गई हैं।
जिला कलक्टर ने कहा कि जिन लोगों ने अभी तक वेक्सीन की एक भी डोज नहीं लगवाई है, वे शीघ्र वेक्सीन लगवाएं। साथ ही जिन्हें दूसरी डोज लगनी है, वे भी टीकाकरण केन्द्रों पर वेक्सीन लगवाकर कोविड-19 संक्रमण से स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित करें।
रविवार को यहां लगेगा सुरक्षा का टीका
रविवार को बूंदी शहर में जिला अस्पताल की एमसीएच विंग, ओपीडी, चौगान गेट स्कूल, मुसाफिर खाना, राजकीय विद्यालय देवपुरा, विश्वकर्मा मंदिर कुम्भा स्टेडियम के सामने, रेडक्रॉस, यूपीएचसी रजतगृह कॉलोनी, मदरसा महावीर कॉलोनी, यूपीएचसी बालंचदपाड़ा व राजकीय बालिका विद्यालय विकास नगर में टीकाकरण किया जाएगा। इसके अलावा जिले की सभी पीएचसी एवं सीएचसी पर भी वेक्सीन लगाई जाएगी। टीकाकरण केन्द्रों पर ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा रहेगी।
घर-घर पहुचेंगे सेल्फ डिफेंस कार्यकर्ता, टीकाकरण केन्द्रों पर रहेंगे दिनभर मौजूद
जिले में कोविड-19 टीकाकरण से शेष रहे लोगों को टीका लगाने के लिए आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा में तैनात सेल्फ डिफेंस कार्यकर्ता घर-घर जाकर सम्पर्क करेंगे और लोगों को सुरक्षा का टीका लगाने के लिए प्रेरित करेंगे। इस सम्बन्ध में शनिवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर एयू खान ने जिला कलक्ट्रेट सभागार में सिविल डिफेंस की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि जिले को कोविड-19 संक्रमण से शत प्रतिशत सुरक्षित करने के उद्देश्य से आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा में तैनात सिविल डिफेंस की टीकाकरण में सहायता ली जाएगी। इसके लिए सिविल डिफेंस को टीकाकरण से शेष रहे लोगों के घर-घर जाकर सम्पर्क करेंगे और वेक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करेंगे।
उन्होंने बताया कि रविवार से पूरे जिले में स्थापित टीकाकरण केन्द्रों पर सेल्फ डिफेंस नियुक्त किए जाएंगे। ये सुबह घर-घर जाकर सम्पर्क करेंगे और इसके बाद टीकाकरण केन्द्र पर पहुंचकर सम्पर्क किए गए लोगों को सुरक्षा का टीका लगवाएंगे। ये दिनभर टीकाकरण केन्द्रों पर रहेंगे।
एडीएम ने किया टीकाकरण केन्द्रों का निरीक्षण
अतिरिक्त जिला कलक्टर एयू खान ने शनिवार को बूंदी शहर में वेक्सीनेशन के लिए स्थापित टीकाकरण केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने केन्द्रों पर वेक्सीन की उपलब्धता तथा प्रतिदिन की प्रगति की जानकारी ली और सम्बन्धित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
