बैंक से 5 मिनट में 5.50 लाख की लूट: नकाबपोश लुटेरों ने ग्राहकों को लाइन में खड़ा किया, केशियर पर पिस्तौल तान बैग में रुपए भरे और बाइक से हो गए फरार
एनसीआई@बाड़मेर
जिले के समदड़ी थाना क्षेत्र के खंडप गांव में स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा से आज दिन दहाड़े साढ़े पांच लाख रुपए लूट लिए गए। नकाबपोश लुटेरों ने 5 मिनट ही इस वारदात को अंजाम दे डाला। बैंक में लगे सीसीसीटी में यह पूरा घटनाक्रम हुआ है।
रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को जब बैंक खुले तो सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ थी। शाम 4 बजे करीब हथियार लहराते हुए घुसे लुटेरों ने मैनेजर और कैशियर को धमकाते हुए पूरी रकम ली और फरार हो गए।
ऐसे चला घटनाक्रम
शाम 4 बजे तीन नकाबपोश लुटेरे बाइक पर आए। पिस्तोल लहराते हुए बैंक में घुसे। इनमें से दो के पास पिस्तौल और एक के पास चाकू था। उस समय बैंक में 8-10 ग्राहक थे। तीनों ने पहले कस्टमर्स को धमकाते हुए उन्हें एक लाइन में खड़ा करवा दिया। एक पिस्तोलधारी केशियर के पास गया और साथ लाए बैग में वहां रखे 5.50 लाख रुपए समेट लिए। एक बदमाश मैनेजर के पास गया और उस पर पिस्तोल तान दी। करीब 4:05 बजे रुपए लेकर वहां से बाइक से फरार हो गए।
पाली और जालोर बॉर्डर पर नाकाबंदी
जहां यह वारदात हुई वह पाली और जालोर जिले के बॉर्डर पर है। पुलिस ने इन दोनों जिलों की सरहद पर नाकाबंदी कराई है। उधर, लुटेरों के निकलते ही मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर बाड़मेर एसपी आनंद शर्मा भी मौके के लिए रवाना हो गए। एसपी ने बताया कि अलग-अलग टीमें बनाकर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। सिवाना, समदड़ी, जालोर और पाली में नाकाबंदी करवा दी है। समदड़ी के थानाधिकारी दाऊद खान के नेतृत्व में टीम ने मौके का जायजा लिया।
