REET पेपर लीक का मास्टर माइंड जयपुर पहुंचा: केदारनाथ से दर्शन कर लौट रहा था बत्तीलाल, नीचे आते ही एसओजी ने दबोचा, पेपर देने वाले 3 युवक आगरा से पकड़े
एनसीआई@जयपुर
REET पेपर लीक मामले का मास्टरमाइंड बत्तीलाल मीणा व उसके साथी शिवा को एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की टीम सोमवार दोपहर उत्तराखंड से जयपुर लेकर पहुंच गई। बत्तीलाल से पूछताछ के बाद एसओजी ने पेपर लीक प्रकरण से जुड़े तीन अन्य आरोपियों को आगरा से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया है कि इन तीनों ने ही बत्तीलाल को पेपर दिलाया था। एसओजी अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
एडीजी अशोक राठौड़ ने बताया कि बत्तीलाल मीणा व शिवा चकेरी को एक दिन पहले उत्तराखंड में केदारनाथ से गिरफ्तार किया था। बत्तीलाल से पूछताछ के बाद पता लगा कि उसे पेपर पृथ्वीराज मीना, रवि पागड़ी व रवि जीनापुर ने दिया था। तीनों के आगरा में होने का पता लगा। तभी एक टीम को आगरा भेजा गया। एसओजी आगरा से तीनों को गिरफ्तार कर लाई। एसओजी की दोनों टीमें आरोपियों को सोमवार दोपहर लेकर पहुंची।
26 सितम्बर को REET की परीक्षा हुई थी। गंगापुर सिटी में परीक्षा सेंटर पर डेढ़ घंटे पहले ही पेपर आउट हो गया था। एसओजी ने मामले की जांच शुरू की तो एक-एक कर कड़ी खुलती चली गई। पुलिस ने कॉन्स्टेबल, हेड कॉन्स्टेबल सहित गिरोह से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया। जांच में पता लगा कि मास्टरमाइंड बत्तीलाल मीणा उर्फ विकास मीणा निवासी ऐचर, खंडार सवाईमाधोपुर है। पुलिस उसे 15 दिन से तलाश कर कर रही थी। बत्तीलाल फरार होकर पहले मध्यप्रदेश गया। वहां से दिल्ली पहुंचा। फिर उत्तराखंड चला गया था। वह केदारनाथ पहुंचा तो एसओजी भी पहुंच गई। वह मंदिर में दर्शन कर लौट रहा था, तभी पकड़ा गया।
