भाई निकला हैवान, पहले बहन से किया दुष्कर्म, फिर हत्या कर शव दफनाया
एनसीआई@जयपुर
जयपुर के तुंगा थाना इलाके में युवती की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। युवती की हत्या उसके ममेरे भाई ने ही दुष्कर्म करने के बाद कर दी थी। इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवती के शव को मिट्टी में दबा कर फरार हो गया था।
डीसीपी ईस्ट प्रह्लाद सिंह कृष्णियां ने बताया कि 21 दिसम्बर की शाम सूचना मिली थी कि सियाकीबास में खेत में युवती की लाश दबी हुई है। वहीं, शव को जब बाहर निकाला गया तो वह अर्धनग्न अवस्था में था। इसकी शिनाख्त होने के बाद पता चला कि युवती एक दिन पहले घर से कुछ जेवरात लेकर एक युवक के साथ फरार हुई थी।
पुलिस ने परिजनों की ओर से दी गई सूचना के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच में सामने आया कि युवती का अपने ममेरे भाई के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था. दोनों के बीच में शारीरिक संबंध भी थे। 20 दिसम्बर की रात को आरोपी विक्रम मीणा युवती को अपने साथ में ले गया. इस दौरान युवती अपने घर से करीब तीन किलो चांदी और तीन तोला सोना भी साथ ले गई थी।
विक्रम ने रात में युवती के साथ शारीरिक सम्बन्ध बनाए। इसके बाद सुबह उसे वापस घर जाने को कहा,मगर युवती ने मना कर दिया। इस पर विक्रम ने उसकी हत्या कर दी और शव को एक खेत में दफना दिया। पुलिस ने जांच करते हुए आरोपी विक्रम को गिरफ्तार कर लिया।
विक्रम से पूछताछ में सामने आया कि तीन साल से उनके बीच में प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवती आरोपी विक्रम पर दबाव बना रही थी कि वह उसे अपनी पत्नी के रूप में साथ रखे, लेकिन विक्रम रिश्तेदारी के चलते उससे शादी नहीं करना चाहता था।
इस मामले में एसीपी मेघचन्द मीणा ने बताया कि 20 दिसम्बर की रात को विक्रम अपने साथी विनोद के साथ युवती को लेने के लिए उसके घर पहुंचा और बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया। विनोद ने विक्रम और युवती को खेतों के पास में छोड़ दिया और वहां से चला गया। इसके बाद विक्रम ने युवती से सरसों के खेत में दुष्कर्म किया। इसके बाद विक्रम उसे अपने घर लेकर नहीं आया। इस पर युवती लगातार उससे खुद को घर ले जाने की जिद करती रही। इसके चलते विक्रम ने उसका दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को खेत के एक कोने में दीवार के पास दफना दिया। फिलहाल तुंगा थाना पुलिस विक्रम मीणा से पूछताछ कर रही है।
