April 23, 2026

News Chakra India

Never Compromise

गणतंत्र दिवस समारोह में सम्मान नहीं मिलने से फूट फूटकर रो पड़ी वीरांगना

गणतंत्र दिवस समारोह में सम्मान नहीं मिलने से फूट फूटकर रो पड़ी वीरांगना

एनसीआई@दौसा
  
देश  सेवा के लिए  जिसका सिंदूर मिट गया, उस वीरांगना को जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में आमंत्रित तो कर लिया, मगर सम्मानित नहीं किया। अपने इस अपमान से वीरांगना इतनी व्यथित हुई कि वह फूट रो पड़ी और गश खाकर वहीं मैदान में गिर पड़ी।

इस नजारे से वहां मौजूद लोगों में हड़कम्प मच गया। उन्होंने उसे सम्भाला और पानी पिलाने की कोशिश की। तब जाकर उसे होश आया। इसके बाद मुख्य अतिथि चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा तो उसे सम्मान देने के लिए तैयार हो गए, मगर अधिकारियों ने गाइड लाइंस  के कारण ऐसा करने से  इंकार कर दिया।

दरअसल गणतंत्र दिवस समारोह में शहीद गुमान सिंह की पत्नी रमा देवी को प्रशासन ने आमंत्रित किया था। इस पर वह अपने बेटे के साथ कार्यक्रम में शामिल होने जयपुर से दौसा पहुंची थीं। वहां 28 अन्य प्रतिभाओं का सम्मान किया गया, लेकिन शहीद वीरांगना का सम्मान नहीं किया गया। सम्मान नहीं मिलने पर रोते हुए उन्होंने कहा कि मेरा इस तरह कभी अपमान नहीं हुआ। सम्मान नहीं करना था तो कार्यक्रम में क्यों बुलाया।

वहीं शहीद के पुत्र गिरधर सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन से सूचना मिली थी कि वीरांगना को सम्मानित किया जाएगा। इसलिए वह यहां अपनी मां के साथ आए थे, लेकिन यहां हुए अपमान से दुखी हैं। हमें यहां नहीं आना चाहिए था।

वीरांगना आई है तो सम्मान कर देते हैं

कार्यक्रम से लौटते समय वीरांगना का सम्मान नहीं करने के सवाल पर चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीणा ने कहा कि मुझे भी लगा कि इस बार वीरांगना का सम्मान क्यों नहीं किया गया। यदि कोई वीरांगना आई हुई है तो अभी उसका सम्मान कर देते हैं। इस पर अधिकारियों से पूछने पर बताया गया कि वीरांगना के सम्मान को कोविड गाइड लाइन की पालना के कारण नहीं रखा गया है। इस पर चिकित्सा मंत्री ने भी हैरानी जताई।‌ इस कार्यक्रम में 28 अन्य लोगों को सम्मानित किया गया था।

2005 में शहीद हुए थे गुमान सिंह

जम्मू-कश्मीर के बारामूला में 5 जुलाई 2005 को आतंकियों से मुठभेड़ में बांदीकुई इलाके के बैजूपाड़ा निवासी सेना के जवान गुमनसिंह राजपूत शहीद हुए थे।

वीरांगनाओं को नहीं बुलाया था

इस सम्बन्ध में एडीएम रामखिलाड़ी मीणा का कहना है कि इस बार शहीदों के सम्मान के कार्यक्रम को कोविड गाइड लाइन की पालना के कारण नहीं रखा गया। कोई वीरांगना सम्मान लेने पहुंची हो इसकी जानकारी नहीं है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.