April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बीजेपी को वोट देने पर बेटे-बहू ने पीट-पीटकर मां को घर से निकाला, पुलिस में शिकायत

बीजेपी को वोट देने पर बेटे-बहू ने पीट-पीटकर मां को घर से निकाला, पुलिस में शिकायत

एनसीआई@अमेठी (उत्तर प्रदेश)

कुशीनगर के मुस्लिम युवक बाबर की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि उत्तर प्रदेश के ही अमेठी में बीजेपी प्रत्याशी को वोट देने से नाराज मुस्लिम युवक और उसकी पत्नी द्वारा अपनी मां को पीट पीटकर घर से बाहर निकाल देने का सनसनीखेज आरोप सामने आया है। घर से निकाले जाने के बाद दर-दर की ठोकरें खा रही बुजुर्ग महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस इस मामले को मां और बेटे के बीच जमीनी विवाद बता रही है। ग्राम प्रधान ने भी दोनों के बीच जमीन का विवाद बताया है।

बुजुर्ग महिला ने बेटे-बहू पर लगाया ये आरोप

मामला मोहनगंज थाना क्षेत्र के चेतरा बुजुर्ग गांव का है। यहां बुजुर्ग महिला सैमूला को बेटे नसीम और बहू ने मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। किसी तरह थाने पहुंची महिला ने अपने बेटे और बहू के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। सैमुला का आरोप है गांव के कृष्ण कुमार सिंह ने रहने के लिए जमीन दी थी, उसी पर हम मकान बनाकर रह रहे हैं। इस चुनाव में कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि चाची अबकी बार राजा साहब (भाजपा प्रत्याशी) को कमल पर वोट देना, जिसके बाद हमने कमल पर वोट दे दिया। बेटे व बहू को जब पता चला कि हमने कमल पर वोट दिया तो बेटे नसीम और बहू नजरुन ने गाली देते हुए लात-घूंसों से मारा। घर से भी निकाल दिया। वहीं पीड़िता सैमूल ने बताया कि दोनों ने मुझे घर से मारपीट कर निकाल दिया। कहा कि राजा के यहां जाकर रहो, यहां दिखाई दी तो तुम्हें जान से मार डालेंगे। इस सम्बन्ध में पीड़िता ने एक तहरीर पुलिस में दी है, लेकिन पुलिस ने इस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।

यह है पूरा मामला

गांव के रहने वाले नसीम खान और उनकी मां अगल- बगल कमरा बनाकर रह रहे थे। नसीम अपने घर के बाहर बाउंड्री बनवाना चाह रहा था, जिसका उसकी मां विरोध कर रही है। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद था। इस पूरे मामले पर पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है। अन्य जो भी आरोप लगाए गए हैं, उनकी भी जांच की जा रही है। वहीं पूरे मामले पर ग्राम प्रधान ने कहा ये उनका घरेलू मामला है। नींव खोदने को लेकर नसीम और उसकी मां में विवाद हुआ था।

पुलिस ने दी ये अहम जानकारी

एएसपी विनोद पांडेय का कहना है कि मोहनगंज थाना क्षेत्र का एक मामला सामने आया है। उसमें जब जांच की गई तो पाया गया कि नसीम खान और उसकी मां दोनों अगल-बगल कमरा बना कर रह रहे हैं। वहीं पर नसीम खान अपने घर के सामने बाउंड्री बनाना चाहता है, जिसका उसकी मां विरोध कर रही है। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद था। इस मामले में पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है, अन्य जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, उनकी पुष्टि को लेकर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.