मेरा इस्तीफा सोनिया गांधी के पास परमानेंट मौजूद, राजस्थान में मुख्यमंत्री बदले जाने की अटकलों पर बोले गहलोत
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को यह कहकर सबको चौंका दिया कि उनका इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के पास परमानेंट मौजूद है। दरअसल, राज्य के मुख्यमंत्री के बदलाव को लेकर मीडिया के एक वर्ग में अटकलबाजियां चल रही हैं। इन अटकलों को महज ‘अफवाह’ करार देते हुए गहलोत ने यह बात कही। वह राजस्थान राजस्व सेवा परिषद (राजस्थान तहसील सेवा के अधिकारी एवं गिरदावर/पटवारी संघ) के राज्य स्तरीय सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बिना किसी राज्य का नाम लिए कहा कि जब मुख्यमंत्री बदलना होगा तो किसी को कानों-कान खबर नहीं होगी। मेरा इस्तीफा सोनिया गांधी के पास है। गहलोत ने कहा कि जब मेरा इस्तीफा परमानेंट सोनिया गांधी के पास है तो बार-बार ये बात आनी ही नहीं चाहिए कि मुख्यमंत्री बदल रहा है, क्या हो रहा है?
‘अफवाहें चलती रहती हैं मीडिया में, अखबारों में’
राजस्थान राजस्व सेवा परिषद (राजस्थान तहसील सेवा के अधिकारी एवं गिरदावर/पटवारी संघ) के राज्य स्तरीय सम्मेलन में गहलोत ने आगे कहा कि लोगों को मीडिया में चल रही इस तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने इस साल के राज्य के बजट का जिक्र करते हुए कहा कि हर कोई इसकी चर्चा कर रहा है। इसमें कोई थोड़ा बहुत काम बाकी है तो वह भी हम करेंगे। अफवाहें चलती रहती हैं मीडिया में, अखबारों में। उसकी तरफ आपको ध्यान नहीं देना है।
मुझे नहीं है राज्य की कामना…..
गहलोत ने अपने भाषण की शुरुआत में संस्कृत के एक श्लोक का भावार्थ पढ़ते हुए कहा, ‘न तो मैं राज्य की कामना करता हूं, न ही मुझे स्वर्ग और मोक्ष चाहिए। दु:ख से पीड़ित प्राणियों के दुःख दूर करने में सहायक हो सकूं, यही मेरी कामना है।’ उन्होंने कहा कि उनके दिमाग में इस उद्धरण वाली बात है। गहलोत ने कहा, ‘जब मैं 1998 में पहली बार मुख्यमंत्री बना, तब से मैंने सोनिया गांधी को अधिकृत कर रखा है। मेरा इस्तीफा तो परमानेंट उनके पास है। जब मेरा इस्तीफा परमानेंट उनके पास है, तो बार-बार ये बात आनी ही नहीं चाहिए कि मुख्यमंत्री बदल रहा है, क्या हो रहा है?’
हर व्यक्ति चाहता है कांग्रेस की मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की अफवाहों से लोग भ्रमित होते हैं और राजकाज भी प्रभावित होता है। देश में कांग्रेस की आज जो स्थिति है, उसे लेकर पूरे देश को चिंतित होना चाहिए, क्योंकि देश हित की सोचने वाला हर व्यक्ति चाहता है कि कांग्रेस मजबूत रहे।
