July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कांग्रेस आलाकमान ने बनाई तीन कमेटियां, सचिन पायलट को मिली बड़ी जिम्मेदारी

कांग्रेस आलाकमान ने बनाई तीन कमेटियां, सचिन पायलट को मिली बड़ी जिम्मेदारी

उदयपुर में हुए कांग्रेस के चिंतन शिविर के बाद अब पार्टी एक्शन मोड में दिख‌ रही है। दिल्ली में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लीडरशिप नए-नए फैसले ले रही है। उसी सिलसिले में अब मिशन 2024 से पहले तीन कमेटियां बनाई गई हैं।

एनसीआई@नई दिल्ली

उदयपुर में हुए कांग्रेस के चिंतन शिविर के बाद अब पार्टी एक्शन मोड में आ गई है। दिल्ली में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लीडरशिप नए नए फैसले ले रही है। उसी सिलसिले में अब मिशन 2024 से पहले पार्टी ने तीन कमेटियां बनाई हैं। इनमें से एक लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बनाई गई टास्क फोर्स 2024 नामक कमेटी है। वहीं राजनीतिक मामलों को देखने के लिए पॉलिटिकल अफेयर ग्रुप का गठन भी किया गया है। इसके अलावा भारत जोड़ो यात्रा को लेकर सेन्ट्रल प्लानिंग ग्रुप फॉर कॉर्डिनेशन का गठन भी किया गया है। इनके लिए राजस्थान से दो प्रमुख चेहरों को शामिल किया गया है। पूर्व डिप्टी सीएम और पूर्व पीसीसी चीफ सचिन पायलट को भारत जोड़ो यात्रा के लिए बनी सेन्ट्रल प्लानिंग ग्रुप फॉर कॉर्डिनेशन में शामिल किया गया है। ये ग्रुप कश्मीर से कन्याकुमारी तक होने वाली कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की प्लानिंग और कॉर्डिनेशन का काम देखेगा।

सेन्ट्रल प्लानिंग ग्रुप फॉर कॉर्डिनेशन फॉर भारत जोड़ो यात्रा
गांधी जयंती के दिन 2 अक्टूबर को राहुल गांधी के नेतृत्व में पदयात्रा शुरू करेगी। ये पदयात्रा कश्मीर से कन्याकुमारी तक करीब 3500 किलोमीटर की होगी। इसमें देशभर के लोगों से सम्पर्क कर केन्द्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जनसमर्थन जुटाने की कोशिश की जाएगी। करीब 6 महीने तक चलने वाली इस यात्रा की प्लानिंग और कॉर्डिनेशन के लिए 9 सदस्यों का सेन्ट्रल प्लानिंग ग्रुप बनाया गया है। इसमें दिग्विजय सिंह, सचिन पायलट, शशि थरूर, रनवीत सिंह बिट्टु, केजे जॉर्ज, जोथी मनी के अलावा जीतू पटवारी, सलीम अहमद और प्रद्युत बोर्दोलोई भी शामिल हैं।

पॉलिटिकल अफेयर ग्रुप

देशभर के तात्कालिक राजनीतिक मसलों पर पार्टी की स्टेंड तय करने के लिए और उस पर प्लानिंग बनाने के लिए पार्टी ने पॉलिटिकल अफेयर ग्रुप बनाया है। इसमें राहुल गांधी के अलावा मल्लिकार्जुन खड़गे, गुलाम नबी आजाद, अम्बिका सोनी, दिग्विजय सिंह, आनंद शर्मा, केसी वेणुगोपाल और जितेन्द्र सिंह को शामिल किया गया है.

टास्क फोर्स-2024

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने टास्क फोर्स 2024 बनाया है। इसमें पी चिदम्बरम, मुकुल वासनिकी, जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल, अजय माकन, प्रियंका गांधी, रणदीप सिंह सुरजेवाला और सुनील कानुगोलु को शामिल किया गया है। यह 2024 के चुनावों के मद्देनजर देशभर में पार्टी की संगठनात्मक और चुनावी रणनीति पर पार्टी अध्यक्ष को राय देने के साथ इसकी प्लानिंग भी बनाएगी।

इन कमेटियों में राजस्थान से सचिन पायलट के अलावा भंवर जितेन्द्र सिंह को भी शामिल किया गया है। भंवर जितेन्द्र सिंह को पॉलिटिकल अफेयर ग्रुप में शामिल किया गया है। इसके अलावा राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय माकन को टास्क फोर्स 2024 में जगह दी गई है।एक खास बात यह भी है कि जी-23 के कई चेहरों को भी इन कमेटियों में शामिल कर पार्टी आलाकमान ने साथ मिलकर चलने का संदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.