हिंडोली-नैनवां को चांदना की 32 करोड़ रुपए के तीन मिनी डेम की सौगात
32 करोड़ रुपए की लागत की माइक्रो सिंचाई परियोजना को मिली प्रशासनिक व वित्तीय मंजूरी, इन मिनी डेम के निर्माण से खेतों में होगी फव्वारा सिस्टम से सिंचाई
एनसीआई@बूंदी
युवा मामले, खेल तथा सूचना एवं जनसम्पर्क राज्यमंत्री अशोक चांदना ने हिंडोली-नैनवां क्षेत्र के किसानों को इस बार 32 करोड़ रुपए की सोलर आधारित सिंचाई परियोजना की सौगात दी है। राज्य मंत्री के प्रयासों से हिंडोली-नैनवां क्षेत्र के सुहरी, बरवास व गंगाराम माली एनिकट पर सोलर आधारित 32 करोड़ रुपए की माइक्रो सिंचाई परियोजना को प्रशासनिक एवं वित्तीय मंजूरी मिल गई है।
माइक्रो सिंचाई परियोजना के तहत 32 करोड़ की लागत से जल संसाधान विभाग के द्वारा 3 मिनी डेम (एनिकट) का निर्माण होगा। इससे परियोजना क्षेत्र के 6 गांवों में किसानों को फव्वारा सिंचाई सुविधा मिलेगी। सोलर आधारित माइक्रो सिंचाई परियोजना के तहत सुहरी में 10 करोड़ की लागत से मिनी डेम का निर्माण होगा। इसके तहत मेज नदी पर 100 मीटर लम्बाई का मिनी डेम (एनिकट) बनाया जाएगा। इसकी ऊंचाई 4 मीटर रहेगी। भराव क्षमता 15.24 एमसीएफटी होगी। इस कार्य से हिंडोली तहसील के ग्राम सुहरी व आकोलिया की 150 हेक्टेयर भूमि में किसानों को फव्वारा पद्धति से सिंचाई सुविधा मिलेगी।
इसी तरह बरवास में 12 करोड़ की लागत से मिनी डेम (एनिकट) बनाया जाएगा। इसके तहत ब्लाण्डी नदी पर 120 मीटर लम्बाई का मिनी डेम (एनिकट) निर्मित होगा, जिसकी उंचाई 6 मीटर रहेगी तथा भराव क्षमता 10.52 एमसीएफटी है। कार्य के पूरा होने से हिंडोली तहसील के रघुनाथपुरा व बरवास गांव की 150 हेक्टेयर भूमि में काश्तकारों को फव्वारा पद्धति से सिंचाई सुविधा मिलेगी।
माइक्रो सिंचाई परियोजना के तहत 10 करोड़ की लागत से मेज नदी पर गंगाराम माली एनिकट की ऊंचाई एक मीटर बढ़ाई जाएगी। इस तरह इस मिनी डेम (एनिकट) की लम्बाई 90 मीटर ओर ऊंचाई 3 मीटर होगी तथा कुल भराव क्षमता 11.55 एमसीएफटी होगी। कार्य पूर्ण होने पर कल्याणपुरा व टहला गांव की 150 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
जल्द की जाएंगी निविदाएं आमंत्रित
माइक्रो सिंचाई परियोजना से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता होगी। साथ ही क्षेत्र के भूमिगत जल स्तर में वृद्धि होने से पेयजल की उपलब्धता होगी। जल्द ही इन कार्यों की निविदा आमंत्रित कर किसानों और आमजन को इसका लाभ दिलाया जाएगा।
-अशोक चांदना
