बैंक की गलती से करोड़पति बन गई छात्रा, सालभर में उड़ा दिए 18 करोड़ रुपए
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
हम सभी कभी न कभी अपनी ज़िंदगी में सोचते हैं कि अगर बैठे-बैठे हमें करोड़ों रुपए मिल जाते तो बहुत सी चीज़ें चुटकियों में खरीद ली जातीं। हालांकि ये सिर्फ सपना ही होता है, असल ज़िंदगी में बहुत कम ही लोग ऐसे होते हैं, जिन्हें बिना काम के इतने पैसे मिल जाए। आज हम आपको एक ऐसी लड़की के बारे में बताएंगे, जो रातोंरात करोड़पति बन गई और करीब सालभर उसने सिर्फ और सिर्फ पैसे खर्च किए।
क्रिस्टीन जियाक्सिन (Christine Jiaxin) नाम की छात्रा ने Westpac बैंक की एक गलती के चलते सालभर शाही जिन्दगी जी। उसने 11 महीने में करोड़ों रुपए सिर्फ अपने महंगे बैग्स, कपड़े और अपार्टमेंट पर खर्च कर दिए। ये कहानी बेहद दिलचस्प है, जहां कुछ ही दिनों के लिए लेकिन लड़की ने अपनी सपनों की जिन्दगी जी ली।
मैकेनिकल इंजीनियरिंग की है छात्रा
सिडनी में मैकेनिकल इंजीनियरिंग की छात्रा क्रिस्टीन जियाक्सिन पढ़ाई करती थीं। उनके अकाउंट में दो साल पहले Westpac Bank की ओर से की गई एक गलती की वजह से £2.6 मिलियन यानि भारती मुद्रा में 24 करोड़ से भी ज्यादा रुपए आ गए। जब 21 साल की क्रिस्टीन जियाक्सिन ने इतने सारे पैसे देखे तो उसने बेतहाशा खर्चे बढ़ा दिए। 11 महीने के अंदर-अंदर इस लड़की ने जी भर कर पैसे खर्च किए। उसने गहने-जेवर और कपड़ों से लेकर महंगे इलाके के पेंटहाउस में अपना आशियाना बनाने में पैसा उड़ाया।
…फिर बैंक को हुआ गलती का एहसास
लड़की ने 18 करोड़ से ज्यादा रुपए अपने महंगे शौक और ऐशो आराम पर खर्च किए और करीब £2,500 यानि 2.3 लाख रुपए सीक्रेट बैंक अकाउंट्स में ट्रांसफर कर दिए। मलेशिया की रहने वाली इस छात्रा के ब्वॉयफ्रेंड का दावा है कि उसे इसके बारे में कुछ पता नहीं है, जबकि खुद क्रिस्टीन वहां से भाग गई। अधिकारियों ने उसके तमाम आइटम्स के ज़रिये करीब 10 करोड़ की रकम तो जमा कर ली है, लेकिन बाकी का पैसा उन्हें नहीं मिला। गिरफ्तारी के बाद क्रिस्टीन ने कहा कि उसे लगा कि इतना सारा पैसा उसके माता-पिता ने उसके अकाउंट में ट्रांसफर किया है।
