सभा में सीएम गहलोत के सलाहकार की चेतावनी: केवल राजीव गांधी और अशोक गहलोत के नारे लगाना, तीसरा लगाया तो जेल हो जाएगी
एनसीआई@जयपुर
पुष्कर में मंत्री अशोक चांदना पर जूते फेंकने और हंगामा करने की घटना ने राजस्थान की सियासत गर्मा दी है। इसके बाद कई नेताओं और विधायकों में डर बन गया है कि कहीं ऐसी घटना उनके साथ भी न हो जाए। इनके डर का आलम यह है कि जयपुर के दूदू में मंगलवार को सीएम अशोक गहलोत की सभा से पहले दूदू से निर्दलीय विधायक व सीएम के सलाहकार बाबूलाल नागर ने सभा में लोगों को धमकाया, उन्हें चेतावनी दी। नागर ने साफ कहा कि, सभा में राजीव गांधी अमर रहे और अशोक गहलोत जिन्दाबाद के ही नारे सभी को लगाने हैं। इसके अलावा किसी का भी नारा लगाया तो पुलिस उठाकर ले जाएगी और जेल में डाल देगी।

यहां घटनाक्रम यह रहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सभा में पहुंचने से पहले दूदू विधायक बाबूलाल नागर सभा में पहुंचे। नागर ने वहां मंच से माइक पर सम्बोधित करते हुए कहा, “जो दो नारे मैंने लगाए हैं, राजीव गांधी अमर रहें और अशोक गहलोत जिन्दाबाद, यही नारे सभी को लगाने हैं। इसके अलावा कोई तीसरा नारा नहीं लगाएगा। अगर किसी को तीसरा नारा लगाना है तो उठकर जा सकते हैं। नागर ने धमकाते हुए कहा कि अगर किसी ने तीसरा नारा लगा दिया तो पुलिस वाले उठा ले जाएंगे, बंद कर देंगे और सरकारी केस बन जाएगा।
विधायक नागर के मन का डर उनकी धमकी में साफ नजर आया। उन्होंने लोगों से कहा कि आपको केवल ताली बजानी है, नारे केवल दो ही लगेंगे। हर कोई इस बात का ध्यान रखे कि कोई भी आपके पड़ोस में बैठा किसी और के नारे नहीं लगाए। अगर ऐसा हो तो बता दें, नहीं तो पड़ोसी न्यूसेंस करता है और दूसरा आदमी उसके लपेटे में आ जाता है। नागर ने कहा कि 24 साल से मेरे किसी कार्यक्रम में कभी अनुशासनहीनता नहीं हुई, ना ही मैं बर्दाश्त करता हूं।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक कार्यक्रम में आने से पहले नागर इस बात की तैयारी करते दिखे कि किसी तरीके की नारेबाजी ना हो। नागर का डर इसलिए भी है, क्योंकि दूदू विधानसभा में सचिन पायलट के समर्थक बड़ी तादाद में हैं। खुद बाबूलाल नागर भी हर कार्यक्रम में सचिन पायलट की तस्वीर लगाते हैं। नागर को डर था कि कहीं आज भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सामने सचिव पायलट के नाम के नारे नहीं लग जाएं।
