यहां तो अपनी ही मंगेतर को ले भागा युवक, हैरतअंगेज कारण बताया
एनसीआई@पटना
बिहार में सारण जिले के पानापुर में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दरअसल हुआ यह कि एक युवक शादी में महीनों की देरी होते देख अपनी होने वाली पत्नी को ही लेकर भाग गया। इस घटना के बारे में जिसने भी सुना वह हैरान रह गया।
यह है पूरा मामला
युवक दरियापुर थाना क्षेत्र और युवती पानापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। युवती के परिजनों ने दोनों के विवाह के पूर्व इसी साल मई में छेका रस्म की थी, जबकि शादी अगले साल मई महीने में होनी थी।
दोनों ने प्लान बनाया और भाग गए
शादी तय होने के बाद दोनों मोबाइल से एक-दूसरे से बातचीत करने लगे थे। इससे उनके बीच लगाव बढ़ने के साथ उनमें शादी के लिए बेताबी बढ़ने लगी। ऐसे में उन्होंने घर से भाग जाने की योजना बनाई और इसके तहत 8 नवम्बर को घर से भाग गए। इसके बाद युवती के परिजनों ने उसकी बहुत खोजबीन की, मगर कोई सुराग नहीं लगा। इस पर वे मदद के लिए पुलिस के पास पहुंचे। इस पर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।
भागने के पीछे बताई यह वजह
पुलिस दोनों की तलाश कर ही रही थी कि 2 दिसम्बर को युवक और युवती दोनों पानापुर पहुंचे। लोगों ने ऐसा कदम उठाने का कारण पूछा तो युवक ने बताया कि उनकी शादी की होने में अभी काफी समय बाकी था, जबकि वे दोनों जल्दी शादी करना चाहता थे।
पुलिस की मौजूदगी में हुई शादी
वहीं, पानापुर थानाध्यक्ष विकास कुमार के हस्तक्षेप के बाद युवती के परिजन दोनों की शादी के लिए राजी हो गए। इसके बाद युवती के परिजनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पानापुर पुलिस की मौजूदगी में दोनों का मंदिर में विवाह करवाया गया। दोनों के द्वारा उठाए गए ऐसे कदम के बाद पुलिस की मौजूदगी में हुई शादी की पूरे इलाके में चर्चा है।
