आरपीएसएसी ने सेकेंड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा की रद्द, सामान्य ज्ञान का प्रश्न पत्र हुआ लीक, कई परीक्षार्थी लिए गए हिरासत में
एनसीआई@जयपुर/अजमेर/उदयपुर
उदयपुर क्षेत्र की एक बस में अध्यापकों द्वारा अभ्यार्थियों को पेपर सॉल्व कराए जाने की जानकारी मिलने के बाद आरपीएससी ने सेकेंड ग्रेड टीचर भर्ती की शनिवार को होने वाली परीक्षा को निरस्त कर दिया। शनिवार सुबह नौ बजे परीक्षा शुरू होनी थी। आज समान्य ज्ञान की परीक्षा थी। उदयपुर में पेपर लीक की सूचना मिलने के बाद ये फैसला लिया गया है। पुलिस और एसओजी को जांच दे दी गई है। इस मामले में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों व अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा भरतपुर में एक डमी अभ्यार्थी पकड़े जाने की भी जानकारी मिली है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उदयपुर में गोगुन्दा-पिंडवाड़ा हाईवे पर बेकरिया थाने के बाहर नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान जालोर से आ रही एक बस में पुलिस ने चेकिंग की। इसमें 40 से अधिक परीक्षार्थी और शिक्षक भी सवार थे। यहां शिक्षक परीक्षार्थियों को एक पेपर सॉल्व करवा रहे थे। यह जानकारी तुरंत ही आरपीएससी को दी गई। छात्रों के पास से मिला प्रश्न पत्र आज होने वाली परीक्षा के प्रश्न पत्र से मैच हो गया।
मामले की जांच एसओजी को सौंप दी गई है। यह वही प्रश्न पत्र था, जो आज आना था। मामले की जांच की जा रही है कि यह प्रश्न पत्र कहां से आया। फिलहाल, पेपर निरस्त कर दिया गया है। हजारों परीक्षार्थियों को यह सूचना परीक्षा केंद्र पर पहुंचने पर मिली।
परीक्षा स्थगित होने से कई परीक्षा केंद्रों पर छात्र भड़क गए। अजमेर में पुरानी मंडी स्कूल सेंटर पर छात्रों ने जमकर हंगामा किया और नारेबाजी की। छात्रों ने अजमेर कलक्ट्रेट के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भी सौंपा। अन्य परीक्षा सेंटरों पर भी कमोबेश ऐसे ही हालात सामने आए। परीक्षार्थियों में पेपर निरस्त होने से काफी रोष नजर आया।
दूसरी पाली में होगी विज्ञान की परीक्षा
सीनियर टीचर परीक्षा-2022 ग्रुप सी की परीक्षा थी। शनिवार सुबह पहली पारी की परीक्षा 1193 परीक्षा केन्द्रों पर होनी थी। इसमें करीब 3.74 लाख छात्र रजिस्टर्ड थे। पेपर लीक होने के बाद सिर्फ ग्रुप सी के जीके का पेपर रद्द किया गया है। दूसरी पाली में विज्ञान की परीक्षा दोपहर 2 से 4.30 बजे होगी, इस परीक्षा में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इसके अलावा 26 दिसम्बर 2022 को सुबह 9 से 11.30 बजे तक संस्कृत विषय की परीक्षा और दोपहर 2 से 4.30 बजे तक गणित विषय की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। 27 दिसम्बर को सुबह 9 से 11.30 बजे तक पंजाबी विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
सतीश पूनिया और हनुमान बेनीवाल ने कसा तंज
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने इस मामले पर आक्रोश जताते हुए कहा कि सरकार के वीक होने से ही पेपर लीक हो रहे हैं। 2023 में नौजवान सरकार की अक्ल ठीक कर देगा। अन्य भाजपा नेताओं ने भी राज्य सरकार पर जमकर निशाने साधे हैं।
वहीं, पेपर लीक को लेकर हनुमान बेनीवाल ने भी गहलोत सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि’आरपीएससी सहित तमाम भर्ती करवाने वाली संस्थाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण ऐसा हो रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में RPSC द्वारा आयोजित 2nd ग्रेड अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा का पेपर लीक हो जाने के समाचार प्राप्त हो रहे हैं,परीक्षा के आयोजन से पूर्व ही पेपर आउट हो जाना मेहनतकश छात्रों के सपनों के साथ कुठाराघात है। इसके लिए पूर्णतया राजस्थान की सरकार जिम्मेदार है।’ राजस्थान में पेपर लीक होने की परम्परा बन चुकी है और RPSC सहित तमाम भर्ती परीक्षाओं का आयोजन करने वाली संस्थाओं व एजेंसियों में व्याप्त संस्थागत भ्रष्टाचार और ऐसे जिम्मेदारों को सत्ता में बैठे लोगों की सह के कारण ऐसा हो रहा है। इस मामले में अभी तक पुलिस करीब 35 परीक्षार्थियों को डिटेन कर चुकी है।
