राजस्थान: स्थानीय डेयरी का सचिव राहुल खान और उसका भाई सिंथेटिक दूध बनाकर करते थे सप्लाई, छापे में 20 हजार लीटर दूध बरामद, आरोपी फरार
एनसीआई@अलवर
अलवर सरस डेयरी के चेयरमैन विश्राम गुर्जर ने सोमवार देर रात खेड़ली चंद्रावत गांव के हंडू का बास में रिफाइंड तेल से दूध बनाने के एक बड़े कारखाने पर छापा मार 2000 लीटर सिंथेटिक दूध बरामद किया। वहीं इस गड़बड़झाले को अंजाम दे रहा युवक टीम को चकमा देकर भाग गया। चेयरमैन के साथ पहुंची डेयरी की टीम ने बरामद दूध को नष्ट करवा दिया। इस मामले की जानकारी देने वाले शख्स को सरस डेयरी की ओर से 5100 रुपए का इनाम दिया जाएगा।
फिल्मी अंदाज में की कार्रवाई
सरस डेयरी चेयरमैन विश्राम गुर्जर ने इस कार्रवाई को बिल्कुल फिल्मी अंदाज में अंजाम दिया। वह अपनी निजी गाड़ी में बैठकर पहुंचे। गाड़ी को गांव से काफी पहले खड़ा कर दिया। इसके बाद करीब 2 किलोमीटर तक सरसों के खेतो में पैदल चल एक खेत में चल रहे इस कारखाने तक पहुंचे। चेयरमैन गुर्जर ने बताया कि काफी दिन से डेयरी में मिलावटी दूध आने की शिकायत मिल रही थी। इसी के आधार पर वह खेड़ली चंद्रावत गांव के हंडू का बास में पहुंचे। मौके पर एक युवक रिफाइंड तेल में अन्य पदार्थों की मिलावट कर ग्लाइंडर से दूध बना रहा था। सरस डेयरी की टीम को देखकर वह भाग गया। सरस डेयरी की टीम ने उस दूध का सेम्पल लेकर बरामद हुए करीब 2000 लीटर दूध को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। उन्होंने बताया कि जब वहां कार्रवाई की गई तो डेयरी का सचिव भी इसमें दोषी पाया गया। उसके खिलाफ भी बड़ी कार्यवाही की जाएगी।
डेयरी के सचिव राहुल खान की मिली भगत
इस स्थानीय डेयरी का सचिव राहुल खान है, जिसका 2504 कोड है। यह मिलावटी दूध बनाने का काम इस स्थानीय डेयरी सचिव की मिलीभगत से ही चल रहा था। उन्होंने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति को 5100 रुपए का इनाम दिया जाएगा, क्योंकि उन्होंने पहले से ही घोषणा कर रखी है कि जो भी इस प्रकार के मिलावटी दूध की सूचना देगा, उसे सरस डेयरी की ओर से उसे इनाम दिया जाएगा। सरस डेयरी के चेयरमैन विश्राम गुर्जर पूर्व में भी इस प्रकार की तीन-चार बड़ी कार्रवाई कर चुके हैं। इनमें भी हजारों लीटर मिलावटी दूध को नष्ट कराया गया था।
अलवर में सालों से चल रहा यह कारोबार
उल्लेखनीय है कि अलवर जिले में कई सालों से सिंथेटिक दूध का कारोबार चल रहा है। यह सिंथेटिक दूध अलवर की डेयरियों सहित हरियाणा, यूपी और दिल्ली के बाजार में बिकने जाता है। जिस विभाग की जिम्मेदारी इसे पकड़ने की है, वह कार्रवाई नहीं करता है। तीन महीने से सरस डेयरी सिंथेटिक दूध पर लगाम कसने के लिए कार्रवाई कर रही है।
