April 25, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बस की टक्कर से 2 बाइक सवार 4 छात्र-छात्राएं घायल, पथराव में एएसपी सहित 10 पुलिसकर्मी चोटिल

बस की टक्कर से 2 बाइक सवार 4 छात्र-छात्राएं घायल, पथराव में एएसपी सहित 10 पुलिसकर्मी चोटिल

एनसीआई@डीग(भरतपुर)।

डीग-कामा स्टेट हाईवे पर शनिवार सुबह लोक परिवहन बस ने दो बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दो छात्राएं और दो छात्र गम्भीर घायल हो गए। राहगीरों ने इन घायल विद्यार्थियों को रेफरल हॉस्पिटल डीग में भर्ती कराया।

घायलों में सतवीर (18), चंचल (16), भारती (10) व सुमित (18) शामिल हैं। इन्हें डीग में प्राथमिक उपचार देकर भरतपुर जिला आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया है। छात्र सतवीर के सिर में चोट आई है, संदीप के पैरों और सिर पर हल्की चोट है, चंचल के चेहरे और पैरों पर चोट है और भारती के दायें पैर में फ्रेक्चर हुआ है। सतवीर और चंचल महमदपुर (डीग) के रहने वाले हैं, जबकि भारती और सुमित नगला कोकिला (डीग) के निवासी हैं। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बस के शीशे फोड़ दिए और स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया।

पुलिस की समझाइश नहीं आई काम

सूचना के बाद मौके पर डीग कोतवाली थाने से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाया और रास्ता खुलवाने की कोशिश की। लेकिन गुस्साए ग्रामीण सड़क पर धरने पर बैठ गए। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग किया तो लोग भड़क गए और पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें एएसपी रघुवीर सिंह कविया भी शामिल हैं। इनके के पैर में चोट आई है।

दो घंटे तक रहा हाईवे जाम

जानकारी के अनुसार हादसे के बाद मौके पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हंगामा हुआ। प्रदर्शन चलता रहा। इस वजह से कामां-डीग रोड पर दोनों तरफ लम्बा जाम लग गया। पुलिस ने इस मामले में 7 लोगों को हिरासत में लिया।

एडिशनल एसपी ने यह बताया

एडिशनल एसपी रघुवीर सिंह कविया ने बताया कि लोक परिवहन बस की टक्कर से दो छात्र और दो छात्राएं गम्भीर घायल हो गईं। घायलों को भरतपुर जिला आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया है l हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने हाईवे को जाम कर दिया था। पुलिस जाप्ते पर पथराव के बाद बल प्रयोग कर लोगों को मौके से खदेड़ा गया। मौके से भागकर लोग सरसों के खेतों में छुप गए। सर्च ऑपरेशन चलाकर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.