तीन बच्चों सहित पिता के शव फंदे पर लटके मिले, बच्चों की हत्या कर आत्महत्या की आशंका
एनसीआई@उदयपुर
कोटड़ा इलाके में एक व्यक्ति ने अपने तीन बच्चों की हत्या कर खुद ने भी आत्महत्य कर ली। चारों के शव घर में फंदे से लटके मिले। घटना सोमवार देर रात की बताई गई है। मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे करीब लोगों को इसका पता लगा तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार रायसा (45) उसका बेटा वाजपई (15), बेटी टिपुरी (12) और सबसे छोटी बेटी किंजल (4) के शव फंदे से लटके हुए मिले। इस घटना के कारणों का पता नहीं लगा है। आशंका जताई जा रही है कि पिता ने तीन बच्चों की हत्या कर खुदकुशी की है। हालांकि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुट गई है। रायसा की किराने की दुकान थी। यह उसके घर के पास में ही थी। उसकी पत्नी की कुछ साल पहले मौत हो चुकी थी। वह अपने तीन बच्चों के साथ रह रहा था।
एसपी बोले- डिप्रेशन में था
पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला मानसिक तनाव का माना जा रहा है। जानकारी में आया है कि कुछ साल पहले मृतक की पत्नी की मौत के बाद से ही परिवार सदमे में था। आर्थिक स्थिति भी खराब होने की बात सामने आई है। किराने की दुकान से पर्याप्त आमदनी नहीं होती थी। हालांकि यह कयास ही हैं, स्पष्ट कारण पता नहीं लगे हैं। मामले की जांच जारी है। एफएसएल की टीम भी जांच के लिए मौके पर पहुंच गई थी।
एसडीएस बीनू देवल, तहसीलदार मंगलाराम मीणा भी मौके पर पहुंचे। जांच के बाद चारों शवों को कोटड़ा सरकारी हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम के लिए पहुंचाया गया।
