April 25, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान की पहली वंदे भारत ट्रेन पहुंची, मेंटिनेंस के बाद सप्ताह भर होगा अजमेर से दिल्ली के बीच ट्रायल

राजस्थान की पहली वंदे भारत ट्रेन पहुंची, मेंटिनेंस के बाद सप्ताह भर होगा अजमेर से दिल्ली के बीच ट्रायल

एनसीआई@अजमेर

राजस्थान में चलने वाली वंदे भारत ट्रेन शनिवार सुबह 7 बजे अजमेर के मदार स्टेशन पहुंच गई है। यह चेन्नई से वाया चंदेरिया होते हुए अजमेर पहुंची। अब यहां मदार स्टेशन पर ट्रेन का मेंटिनेंस होगा। स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

यहां ट्रेन में कई इंस्ट्रूमेंट लगाए जाएंगे। इसकी पिट लाइन में कई बदलाव किए जा रहे हैं। एसी, लाइट, पंखों व मोटर्स की जांच की जाएगी।

इसके बाद अजमेर से दिल्ली के बीच ट्रायल किया जाएगा। इस दौरान स्पीड की जांच होगी। माना जा रहा है कि ट्रायल तीन से चार दिन तक चलेगा। इस ट्रायल में हेडक्वार्टर का स्टाफ, मेकेनिकल, इलेक्ट्रिकल व अन्य स्टाफ साथ होगा।

सीनियर डीसीएम विवेक रावत ने बताया- वंदे भारत का मदार स्टेशन पर मेंटिनेंस किया जाएगा। इसके बाद लगातार ट्रायल होंगे। ट्रायल के दौरान जो कमी रहेगी, उसे पूरा किया जाएगा। मेंटिनेंस व ट्रायल के बाद इसे सुचारू रूप से चलाया जाएगा।

वंदे भारत में दो तरह के कोच, चेयर कार और एग्जीक्यूटिव क्लास हैं।
वंदे भारत में दो तरह के कोच, चेयर कार और एग्जीक्यूटिव क्लास हैं।

दिल्ली से अजमेर के बीच होगा ट्रायल

रेलवे की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, वंदे भारत का ट्रायल दिल्ली से जयपुर होते हुए अजमेर तक होगा। करीब हफ्तेभर ट्रायल के दौरान 72 के स्पीड से ट्रेन चलेगी। वंदे भारत दिल्ली से शाम 6 बजकर 10 मिनट पर चलेगी। पहला ठहराव गुरुग्राम 6.45 पर होगा। रेवाड़ी जंक्शन पर शाम 7. 35 पर पहुंचेंगे। अलवर में भी इसका दो मिनट का ठहराव दिया गया है। यहां रात 8.25 पर यह ट्रेन पहुंचेगी। रात करीब 10 बजकर 20 मिनट पर जयपुर पहुंचेगी। अजमेर पहुंचने का समय इस ट्रेन का रात 12 बजकर 15 मिनट है। 442 किलोमीटर का सफर 6 घंटे 5 मिनट में पूरा होगा।

वंदे भारत ट्रेन के इंजन में दो लोगों के बैठने की व्यवस्था रखी गई है।
वंदे भारत ट्रेन के इंजन में दो लोगों के बैठने की व्यवस्था रखी गई है।

इसी तरह ये ट्रेन सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर अजमेर से रवाना होगी। जयपुर सुबह 7 बजकर 55 मिनट पर पहुंचेगी। जयपुर में 5 मिनट का स्टॉपेज है। सुबह 8 बजे यहां से रवाना होने के बाद 9 बजकर 41 मिनट पर अलवर, 10.48 पर रेवाड़ी, 11. 25 पर गुरुग्राम और दोपहर 12.15 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी स्पीड

उत्तर पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ शशि किरण ने बताया कि शुरुआत में ट्रायल के दौरान ट्रेन की स्पीड कम रहेगी। जयपुर पहुंचने में करीब 4 घंटे का समय लगेगा। धीरे-धीरे ट्रेन की स्पीड 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ़ा दी जाएगी। इसके बाद जयपुर आने में भी डेढ़ से दो घंटे का समय लगेगा। अभी दिल्ली तक जाने में शताब्दी से 4.45 घंटे लगते हैं। वंदे भारत सिर्फ 1:45 घंटे में पहुंचा देगी।

सप्ताह में 6 दिन चलेगी ट्रेन, लंच में दाल-बाटी

रेलवे की ओर से जारी किए गए शेड्यूल के अनुसार दिल्ली से अजमेर के बीच ये ट्रेन सप्ताह में 6 दिन ही चलेगी। सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार। जबकि हर सप्ताह बुधवार के दिन मेंटेनेंस के चलते इसका संचालन नहीं किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार वंदे भारत में दिए जाने वाले ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर को लेकर मेन्यू तैयार हो चुका है। वंदे भारत में दो तरह के कोच रखे गए हैं। इनमें चेयर कार और एग्जीक्यूटिव क्लास है।

चेयर कार में बीच की सीट पर टेबल भी लगाई गई है।
चेयर कार में बीच की सीट पर टेबल भी लगाई गई है।

16 डिब्बे, 1196 यात्री कर सकेंगे सफर

वंदे भारत में 16 पैसेंजर कार हैं, जिसमें कुल 1,196 यात्री सफर कर सकेंगे। एक पैसेंजर कार में सिटिंग अरेंजमेंट 3X2 रहेगा और 78 सीटें होंगी। ट्रेन के बीच में दो बोगी एग्जीक्यूटिव क्लास की रहेंगी, जिसमें सिटिंग अरेंजमेंट 2X2 का होगा और 52-52 यात्री सफर कर सकेंगे।

इतना होगा किराया

इसमें दो तरह के कोच होंगे। एक एग्जीक्यूटिव श्रेणी और दूसरी चेयर कार। अभी दिल्ली से वाराणसी चल रही वंदे भारत ट्रेन के चेयर कार का किराया करीब 1800 और एग्जीक्यूटिव कोच का 3 हजार रुपए से ज्यादा है।

इसमें 1120 रुपए बेस फेयर, 40 रुपए रिजर्वेशन चार्ज, 45 रुपए सुपर फास्ट चार्ज जोड़ा गया है। इसके अलावा 61 रुपए जीएसटी के देने होंगे और केटरिंग चार्ज के 364 रुपए हैं। वंदे भारत एक्‍सप्रेस ट्रेन के किराये में आईआरसीटीसी का केटरिंग चार्ज शामिल होगा, यात्रियों को भोजन न लेने का विकल्प नहीं दिया जाएगा।

जयपुर से दिल्ली का किराया लगभग तय हो चुका है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि चेयर कार का किराया न्यूनतम 800 रुपए और एग्जीक्यूटिव का 1800 रुपए तक हो सकता है। इसमें रिजर्वेशन, सुपरफास्ट, जीएसटी और केटरिंग चार्ज शामिल है।

इस तरह से होंगे कोच चेयर

चेयर: विस्टाडोम कोच को भी इसमें शामिल किया जाएगा। चेयर रिवॉल्विंग होगी, यानी जिस दिशा में ट्रेन चल रही होगी उसी दिशा में आप अपनी चेयर को घुमा सकेंगे। यह चेयर 180 डिग्री घूम सकेगी।

ऑटोमेटिक स्लाइड डोर : मेट्रो की तरह डोर ऑटोमेटिक होंगे। स्टेशन आने पर खुलेंगे और बंद हो जाएंगे। खुलने से पहले बीप बजेगी और बंद होने से पहले भी ताकि उतरने चढ़ने वाले अलर्ट हो जाए।

एसी कोच : ट्रेन पूरी तरह से एयर कंडिशनर होगी। मेट्रो की तरह ट्रेन में सेंट्रल एसी होगा, जो पूरी ट्रेन के टेंपरेचर को मेंटेन रखेगा।

टेम्परेचर कंट्रोलर: हर कोच में टेंपरेचर को कंट्रोल करने के लिए कंट्रोल बटन होगा। इसके साथ ही अपनी सीट के पास कूलिंग को कंट्रोल करने के लिए स्विच होगा।

डिस्प्ले बोर्ड: हर कोच में डिस्प्ले बोर्ड होगा। जैसे ही नेक्स्ट स्टेशन आएगा, इसमें अनाउंसमेंट किया जाएगा। डिस्प्ले बोर्ड पर इमरजेंसी नंबर व जरूरी इन्फोर्मेशन भी डिस्प्ले होगी। इसके साथ अनाउंसमेंट स्पीकर भी होंगे।

मिनी पेंट्री: यात्रियों के लिए ट्रेन में नाश्ते की व्यवस्था होगी। फ्लाइट की तरह एग्जीक्यूटिव क्लास के टिकट में ही पेंट्री व फूड का रेट शामिल होगा। वंदे भारत ट्रेन के इंजन में दो लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.