तीन दिन बाद पाक रेंजर्स ने माना पाकिस्तान से ही आए थे घुसपैठिए, बॉर्डर पर बीएसएफ ने मारी थी गोली, 10 करोड़ की ड्रग्स लेकर आए थे
एनसीआई@बाड़मेर
बाड़मेर-मुनाबाव इंटरनेशनल बॉर्डर पर सोमवार रात तारबंदी पार कर रहे दो घुसपैठियों को सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने गाेली मार दी थी। जवानों ने पहले दोनों को चेतावनी दी, जब वे नहीं रुके तो ढेर कर दिया। दोनों संदिग्ध करीब तीन किलो हेरोइन की खेप लेकर तारबंदी क्रॉस कर भारत में घुसे थे। लेकिन, पाक रेंजर्स इसे मानने को तैयार नहीं हुए। लेकिन, गुरुवार सुबह तक चली तीसरे दौर की फ्लैग वार्ता में पाक रेंजर्स ने मान लिया कि ये दोनों पाकिस्तान से ही आए थे।
इससे पूर्व बुधवार को दोनों के शवों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। इसके बाद गुरुवार सुबह 4 बजे पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच बीएसएफ के जवान दोनों के शवों को मुनाबाव बॉर्डर लेकर रवाना हुए। सुबह करीब साढ़े दस बजे मुनाबाव बॉर्डर पर शवों को सुपुर्द किया गया।

यहां भारत-पाक के बीच फ्लैग मीटिंग के बाद शव तीसरे दिन पाकिस्तान रेंजर्स व पुलिस को सुपुर्द किए गए, जहां से शवों को जीरों पाइंट से लेकर पाकिस्तान रवाना हो गए। बीएसएफ ने मंगलवार रात को दोनों के शवों को डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवा दिए थे।
तारबंदी पार कर आ रहे थे, चेतावनी पर भी नहीं माने
दरअसल, बाड़मेर-मुनाबाव इंटरनेशनल बॉर्डर पर सोमवार रात तारबंदी पार कर रहे दो घुसपैठियों को सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने गोली मार दी थी। जवानों ने पहले दोनों को चेतावनी दी और जब वे नहीं रुके तो ढेर कर दिया।
इसके बाद रात को बीएसएफ और पाक रेंजर्स के बीच फ्लैग मीटिंग हुई। पाक रेंजर्स को दोनों तस्करों की सूचना दी गई, लेकिन पाकिस्तान रेंजर्स मानने को तैयार नहीं थे कि ये पाकिस्तान से बॉर्डर क्रॉस कर यहां आए थे।
तस्करों के पास तीन पैकेट हेरोइन, एक मोबाइल, टॉर्च, सहित टॉफियां मिली थीं।
भारत-पाक के बीच हुई फ्लैग मीटिंग
बुधवार को दूसरे दौर की फ्लैग मीटिंग मुनाबाव में हुई। इस मीटिंग में भारत और पाक के ऑफिसर भी शामिल थे। इसी मीटिंग में दोनों के पाकिस्तानी होने की पाक रेंजर्स ने पुष्टि की और इनकी पहचान भी की। पाक रेंजर्स ने बताया कि मरने वाले रमजान (51) पुत्र मजीब व शहाबुद्दीन (28) पुत्र अनवर खान निवासी खोखरापाार थे।

एएसपी सतेन्द्रपाल सिंह ने बताया कि पाक घुसपैठिए के शवों को बाड़मेर मॉर्च्युरी से रवाना किया गया। गुरुवार सुबह साढ़े दस बजे कागजी कार्रवाई कर पाक घुसपैठियों के शवों को अमरकोट के पुलिस व पाक रेंजर्स के सुपुर्द कर दिए गए।
इंटरनेशल मार्केट में 10 करोड़ कीमत
जानकारी के अनुसार पाकिस्तानी तस्कर तीन हेरोइन के पैकेट लेकर मुनाबाव से 10 किलोमीटर दूर इंटरनेशनल बॉर्डर के पास से निकलने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान 13 बटालियन बीएसएफ के जवानों को संदिग्ध एक्टिविटी दिखने पर ऑपरेशन पार्टी ने घुसैपठियों को चुनौती दी थी। इसकी कीमत इंटरनेशनल मार्केट में करीब दस करोड़ रुपए बताई जा रही है।
