July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों ने मार गिराए 5 विदेशी आतंकी

जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों ने मार गिराए 5 विदेशी आतंकी

जम्मू कश्मीर में पाकिस्तान की तरफ से भेजे गए आतंकियों की सूचना पर सुरक्षा एजेंसियों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान अचानक हुई आतंकियों से मुठभेड़।

एनसीआई@श्रीनगर/नई दिल्ली

जम्मू कश्मीर में भारत-पाकिस्तान की सीमा एलओसी से सटे कुपवाड़ा जिले के पास सेना व जम्मू कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 5 विदेशी आतंकी मार गिराए गए। सुरक्षा बलों की यह बड़ी उपलब्धि है।

गुप्त सूचना के आधार पर मिली जानकारी के अनुसार सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया था। इसी सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकियों ने उन पर फायरिंग कर दी। इस पर सुरक्षा एजेंसियों ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें ये 5 आतंकी मारे गए।

पुंछ जिले में नाकाम की थी सेना ने घुसपैठ की कोशिश

इससे पहले सेना ने गुरुवार (15 जून) को जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में आतंकी घुसपैठ की कोशिश नाकाम करते हुए नियंत्रण रेखा के पास से बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए थे। अधिकारियों ने बताया कि कृष्णा घाटी सेक्टर में तलाशी अभियान के दौरान यह बरामदगी हुई है, जिसमें स्टील कोर कारतूस और पाकिस्तान में बनी दवाइयां भी शामिल हैं।

जम्मू में सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेन्द्र आनंद ने कहा, भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक संयुक्त अभियान में सतर्क जवानों ने 14 और 15 जून की मध्यरात्रि को कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया था।

यहां भी गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

सेना के अधिकारियों ने बताया कि जवानों ने पुख्ता सूचना के आधार पर तलाशी अभियान शुरू किया और इस दौरान दो बैग मिले, जिनमें एक एके-47 राइफल, नौ मैगजीन, 438 कारतूस, चार मैगजीन के साथ दो पिस्तौल और छह ग्रेनेड के अलावा कुछ कपड़े और दवाइयां भी थीं। लेफ्टिनेंट कर्नल आनंद ने कहा, इस त्वरित कार्रवाई से घुसपैठ की एक और कोशिश नाकाम कर दी गई है, जिससे पुंछ जिले में शांति भंग होने की आशंका थी।

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार देर रात सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश कर रहे संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधि को भांपने के बाद सेना के जवानों ने गोलीबारी की। हालांकि, आतंकवादी घने कोहरे और अंधेरे का फायदा उठाकर हथियारों और गोला-बारूद की खेप को छोड़कर भागने में सफल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.