April 25, 2026

News Chakra India

Never Compromise

गुजरात के बाद राजस्थान में चक्रवात ‘बिपरजॉय’ का कहर, रेगिस्तान में जल प्लावन के हालात

गुजरात के बाद राजस्थान में चक्रवात ‘बिपरजॉय’ का कहर, रेगिस्तान में जल प्लावन के हालात

एनसीआई@जयपुर/सेन्ट्रल डेस्क

बिपरजॉय तूफान के असर से राजस्थान के एक दर्जन जिलों में अच्छी बरसात हो चुकी है। बाड़मेर, जालोर, सिरोही, जोधपुर सहित आठ जिलों में असामान्य वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इसके बावजूद प्रदेश में अभी बरसात का दौर जारी है। लगातार बारिश होने से राजस्थान के रेगिस्तानी जिलों में कई जगह जलप्लावन के हालात होने से जनजीवन बुरी तरह अस्त व्यस्त है। अरब सागर में उठे चक्रवात ‘बिपारजॉय’ के असर से राज्य के कई इलाकों में रविवार को भी भारी बारिश का दौर जारी रहा।

इधर, मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के करौली, सवाईमाधोपुर एवं बारां जिले में अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। वहीं अजमेर, बासंवाड़ा व भरतपुर जिलों में भारी बरसात होने की आशंका जताई है। राज्य में तीन दिन से वर्षा का दौर जारी है। बाड़मेर, सिरोही , जालोर, पाली, जोधपुर, गंगानगर आदि जिलों में भारी बरसात के बाद पिछले चौबीस घंटों में जोधपुर में 91 मिलीमीटर, बाडमेर में 47, बीकानेर में 30, उदयपुर में 20 एवं अजमेर में 11 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसी तरह अन्य जिलों में भी बरसात हुई है।

इन जिलों में जल प्लावन के हालात 

राजस्थान के बाड़मेर ज़िले में चौहटन में अब तक सबसे ज़्यादा 10 इंच तक बारिश हुई है। वहीं, जालोर के रानीवाड़ा में 4.3 इंच बारिश हो चुकी है। सबसे ज़्यादा बारिश जालोर बाड़मेर और सिरोही में हो रही है। यहां जल भराव और बाढ़ जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं। एनडीआरएफ की टीम सिवाना में तैनात है। जालोर के रानीवाड़ा में सेना से मदद ली गई है। तीनों ज़िले गुजरात से लगते हुए है।

कुछ हिस्सों में सोमवार तक होगी बारिश 

मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात के असर से राजस्‍थान में शुक्रवार से ही बारिश हो रही है। शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक के 24 घंटे के दौरान माउंट आबू में 210 मिलीमीटर, बाड़मेर के सेवड़ा में 136 मिलीमीटर, माउंट आबू तहसील में 135 मिलीमीटर, जालौर के रानीवाड़ा में 110 मिलीमीटर, चूरू के बिदासरा में 76 मिलीमीटर, रेवदर में 68 मिलीमीटर, सांचोर में 59 मिलीमीटर और पिंडवाड़ा में 57 मिलीमीटर बारिश हुई।

राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश सोमवार तक जारी रहेगी। इस बीच, राज्य में न्यूनतम तापमान 20 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। राज्य में शनिवार को धौलपुर में सर्वाधिक तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस व श्रीगंगानगर में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस बीच आपदा प्रबंधन एवं राहत विभाग के सचिव पीसी किशन ने बताया कि मौसमी सम्बन्धी चेतावनी (रेड अलर्ट) को देखते हुए सम्बन्धित जिलों में फिलहाल महंगाई राहत शिविर निलम्बित कर दिए गए हैं। चक्रवात बिपरजॉय के कारण उत्तर पश्चिम रेलवे जोन में रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है।

रेलवे ने अमृतसर-गांधीधाम एक्सप्रेस रेलसेवा, जोधपुर-भीलड़ी एक्सप्रेस रेलसेवा, वलसाड-भीलड़ी एक्सप्रेस रेलसेवा, जोधपुर-पालनपुर एक्सप्रेस, जोधपुर-पालनपुर एक्सप्रेस, बाड़मेर-मुनाबाव एक्सप्रेस, मुनाबाव-बाड़मेर एक्सप्रेस सहित कुल 13 ट्रेनों को शनिवार के लिए रद्द किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.