आदिपुरुष के ‘तेल तेरे बाप का, लंका लगा देंगे’.. जैसे विवादित डायलॉग हटेंगे, राइटर मनोज मुंतशिर ने कहा- इसी हफ्ते करेंगे बदलाव
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
प्रभास और कृति सेनन स्टारर फिल्म आदिपुरुष के विवादित डायलॉग्स बदले जाएंगे। इन डायलॉग्स की जमकर वकालत कर रहे फिल्म के राइटर मनोज मुंतशिर ने ही रविवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। साफ है कि उन्हें अब लोगों की नाराजगी से फिल्म के सम्भावित हश्र की चिंता ने ऐसा करने के लिए मजबूर किया है। फिल्म 16 जून को रिलीज हुई थी। पहले दिन 140 करोड़ का रिकॉर्ड कलेक्शन किया था, लेकिन इसका विरोध भी हो रहा है। अब मनोज मुंतशिर ने कहा-जो संवाद आहत कर रहे, उन्हें हटाएंगे।
Related News-
खराब रिव्यू और विवादों के बीच बॉक्स ऑफिस पर ‘आदिपुरुष’ का दूसरे दिन रहा यह हाल
मुंतशिर ने कहा, ‘3 घंटे की फिल्म में मैंने 3 मिनट कुछ लोगों की कल्पना से अलग लिख दिया होगा, लेकिन मुझे सनातन विरोधी क्यों कहा जा रहा है। मैंने भगवान श्री राम के लिए ‘जय श्री राम’, ‘शिवोहम’, ‘राम सिया राम’ पर भी लिखा है, लेकिन इन डायलॉग्स पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।’
फिल्म को बैन करने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की गई है। इसे हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने लगाया है। इसमें फिल्म के कई सीन, डायलॉग्स और किरदारों को हटाने की मांग की है।
विवादित डायलॉग, जिन पर लोगों को है आपत्ति
• कपड़ा तेरे बाप का! तेल तेरे बाप का! जलेगी भी तेरे बाप की। (हनुमानजी ने रावण के बेटे इंद्रजीत से कहा)
• तेरी बुआ का बगीचा है क्या जो हवा खाने चला आया। (इंद्रजीत ने हनुमानजी से कहा)
• जो हमारी बहनों को हाथ लगाएगा उनकी लंका लगा देंगे। (हनुमानजी ने रावण की सभा में कहा)
• आप अपने काल के लिए कालीन बिछा रहे हैं। (विभीषण ने रावण से कहा)
• मेरे एक सपोले ने तुम्हारे शेषनाग को लम्बा कर दिया, अभी तो पूरा पिटारा भरा पड़ा है। (लक्ष्मण के ऊपर वार करने के बाद इंद्रजीत ने कहा।)
लोग केंसिल कर रहे फिल्म के टिकट
कुछ लोग सोशल मीडिया पर टिकट केंसिल कर इसकी फोटो शेयर कर रहे हैं। एक शख्स ने 9 टिकट खरीदे थे, लेकिन फिल्म पर जारी विवाद के बाद उसने टिकट केंसिल कर दिए। उसने टिकट केंसिल कर लिखा है कि वे अपने बच्चों को ऐसी ‘रामायण’ तो नहीं दिखाएंगे।
फिल्म में एक सीन है, जिसमें रावण बने सैफ अली खान अजगरों के बीच लेटे दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर इसे लेकर मीम भी बनाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि ओम राउत वाला रावण पाइथन मसाज भी लेता है। इसके अलावा एक सीन और है, जिसमें रावण चेहरे पर वेल्डिंग वाला मास्क पहनकर हथौड़े चला रहा है। इस सीन पर भी मेकर्स की सोच पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।
एक और विवाद: फिल्म के नेगेटिव रिव्यू हटाने के लिए रिश्वत दे रहे हैं मेकर्स!
ओम राउत की फिल्म ‘आदिपुरुष’ सोशल मीडिया पर मीम मटेरियल बन चुकी है। फिल्म रिलीज होने के बाद से ही इंटरनेट पर इसकी जमकर आलोचना की जा रही है। टपोरी डायलॉग्स से लेकर सीता को भारत की बेटी बताने तक फिल्म कई विवादों में घिर चुकी है। अब इससे जुड़ा एक और विवाद सामने आ रहा है। कुछ रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म की टीम कुछ सोशल मीडिया यूजर्स को फिल्म के नेगेटिव रिव्यूज डिलीट करने के बदले में रिश्वत ऑफर कर रही हैं।
डायलॉग को सही ठहराने पर जमकर ट्रोल हुए मनोज मुंतशिर, लोग बोले- ये हिन्दुओं की आस्था का मजाक है
आदिपुरुष के डायलॉग्स को लेकर सोशल मीडिया पर लोग अपना गुस्सा निकाल रहे हैं। हाल ही में मनोज मुंतशिर ने फिल्म के इन संवाद को सही ठहराया और कहा कि उन्होंने जानबूझकर ये सब लिखा है। सोशल मीडिया पर आदिपुरुष के डायलॉग पर काफी मीम्स वायरल हो रहे हैं। लोगों को फिल्म के हल्के संवादों पर एतराज है, वो पूछ रहे हैं कि आखिर इतने सस्ते डायलॉग लिखने की जरूरत क्या थी?
मनोज मुंतशिर ने यह दी सफाई
आदिपुरुष को विवादों में घिरता देख और फिल्म के राइटर मनोज मुंतशिर आगे आए और उन्होंने अपनी सफाई पेश की। हालांकि लोगों को उनकी ये सफाई भी पसंद नहीं आई और लेखक को इसके लिए भी ट्रोल किया जाने लगा। इस पर मनोज मुंतशिर ने साफ कहा कि- जिन संवाद पर विवाद हो रहा है, वो उन्होंने जानबूझकर लिखे हैं। ऐसा इसलिए कि आजकल के लोग इन डायलॉग्स से खुद को जोड़ सकें।
अदिपुरुष के डायलॉग्स को बताया सही
मनोज मुंतशिर ने इंटरव्यू में कहा कि रामायण एक ऐसा ग्रंथ है जिसे हम बचपन से सुनते आ रहे हैं। मैं एक छोटे से गांव से आया हूं, हमारे यहां दादी-नानी जब कथा सुनाती थीं तो इसी तरह से सुनाती थीं। ये जो डायलॉग (कपड़ा तेरे बाप का…) का जिक्र किया जा रहा है, इस देश के बड़े-बड़े संत, इस देश के बड़े-बड़े कथावाचक भी ऐसे ही भाषा में कथा सुनाते हैं, जैसे संवाद मैंने लिखे हैं। तो मैं कोई पहला नहीं हूं, जिसने इस तरह के डायलॉग लिखे हैं।
फिल्म ट्रोल हुए मनोज मुंतशिर
आदिपुरुष के लिए अपने डायलॉग को सही ठहराने के बाद मनोज मुंतशिर फिर से ट्रोल हो गए। सोशल मीडिया पर इंटरव्यू क्लिप के वायरल होने के बाद लोगों का कहना है कि ये हिन्दू भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। नाराज लोग कह रहे हैं कि माफी मांगने के बजाए ये इन संवादों को सपोर्ट कर रहे हैं।
