बीजेपी के विरोध मार्च पर पुलिस का जबरदस्त लाठीचार्ज, एक नेता की मौत
बिहार में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए नियमों में किए गए बदलाव के विरोध तथा उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के इस्तीफे की मांग को लेकर को बीजेपी ने सदन से लेकर सड़क तक सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पहले अपनी मांगों के समर्थन में सदन में हंगामा करने के बाद वॉक आउट किया। सदन से बाहर निकल गांधी प्रतिमा के पास से मार्च निकाला। इस विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए पटना पुलिस ने भाजपाइयों पर पानी की बौछार की और आंसू गैस छोड़ी। इस बवाल के बीच एक बीजेपी नेता की मौत हो गई।
एनसीआई@पटना
बिहार विधानसभा में हंगामे के बाद विरोध मार्च निकाल रहे बीजेपी नेताओं पर पुलिस ने पानी की बौछारों के साथ जमकर लाठीचार्ज किया। इस घटना में घायल हुए एक बीजेपी नेता की अस्पताल में मौत हो गई है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि पटना के डाक बंगला चौराहे पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। मृतक बीजेपी नेता विजय कुमार सिंह जहानाबाद नगर के महामंत्री थे। इस घटना में कई सांसद और विधायक भी घायल हुए हैं। महिला कार्यकर्ताओं को भी काफी चोट आई है।
पुलिस लाठीचार्ज में विजय कुमार सिंह घायल हो गए थे। इस पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद राजनीति गर्मा गई है।मामले में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नीतीश सरकार को घेरा है।

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा- बीजेपी कार्यकर्ताओं पर पटना में हुआ लाठीचार्ज राज्य सरकार की विफलता और बौखलाहट का नतीजा है। महागठबंधन की सरकार भ्रष्टाचार के किले को बचाने के लिए लोकतंत्र पर हमला कर रही है। जिस व्यक्ति के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हुई है, उसे बचाने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री अपनी नैतिकता तक भूल गए हैं।
बीजेपी नेता सुशील मोदी ने कहा, पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसके बाद विजय कुमार गिर गए। तबीयत बिगड़ गई, उन्हें अस्पताल लेकर गए, लेकिन बचाया नहीं जा सका।
शिक्षक नियुक्ति के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ मोर्चा
इससे पहले गुरुवार को सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला। शिक्षकों की नियुक्ति का मुद्दा उठाए जाने पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी तकरार हो गई। बीजेपी के सदस्यों ने वेल में पहुंचकर सरकार को घेरा और प्रदर्शन किया। इसके बाद बीजेपी के दो विधायकों को विधानसभा से मार्शल आउट कर दिया गया। बाद में रैली निकाल रहे विधायकों और नेताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

दरअसल, बीजेपी ने गुरुवार को नीतीश सरकार के खिलाफ विधानसभा मार्च बुलाया था। विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही बीजेपी विधायकों ने अपनी मांगों को लेकर सदन में हंगामा करना शुरू कर दिया। शिक्षकों की भर्ती में अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों को भी शामिल किए जाने के नियम का विरोध सहित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चार्जशीटेड डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की बर्खास्तगी की मांग भी शामिल थी। बीजेपी ने भ्रष्टाचार, रोजगार और शिक्षक नियुक्ति पर सवाल उठाए और सदन के वेल में पहुंच गए।
बीजेपी ने विधानसभा से वॉक आउट किया
बाद में स्पीकर के निर्देश पर बीजेपी विधायक जीवेश मिश्रा और शैलेन्द्र को सदन से बाहर निकाल दिया गया। मार्शल दोनों विधायकों को खींचकर बाहर ले गए। दोनों विधायकों ने स्पीकर पर सत्ता पक्ष के लिए एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया। बाद में बीजेपी के तमाम विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में विधानसभा से वॉक आउट किया।
विधानसभा के लिए मार्च निकाल रही थी बीजेपी
सदन के बाहर आने के बाद बीजेपी विधायक पहले धरने पर बैठे और फिर गांधी मैदान के लिए निकल गए। बाद में बीजेपी ने गांधी मैदान से विधानसभा तक मार्च निकालना शुरू किया। इस दौरान पुलिस ने बीजेपी नेताओं पर डाक बंगला चौराहे पर लाठीचार्ज कर दिया। यह लाठीचार्ज इतना जबरदस्त था कि इसमें एक नेता पर चार चार पुलिसकर्मी लाठी बरसाते हुए नजर आए। इसमें महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। पुलिसकर्मियों के तेवरों से ऐसा लग रहा था कि उनका मकसद बीजेपी के जुलूस को रोकना नहीं, अपितु उन्हें बुरी तरह नुकसान पहुंचाना है।

आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए
बिहार सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे बीजेपी नेताओं को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने मोर्चा संभाला और वाटर कैनन, आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद लाठीचार्ज किया।
शिक्षा विभाग में एक हफ्ते के लिए छुट्टियां रद्द
इस बीच, बिहार शिक्षा विभाग ने एक आदेश जारी कर एक सप्ताह के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है। आदेश में कहा गया है कि जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला कार्यक्रम अधिकारियों और अन्य अधिकारियों की छुट्टियां निलम्बित कर दी गई हैं। इसके अलावा, शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विशेष परिस्थितियों में छुट्टियां लेने के लिए उप सचिव केके पाठक से अनुमति लेनी होगी। शिक्षा विभाग को यह कदम आंदोलन की वजह से उठाना पड़ा है।
एक दिन पहले भी बीजेपी विधायकों ने सदन में किया था विरोध में हंगामा
इससे पहले बुधवार को भी विधानसभा में जबरदस्त हंगामा हुआ। इस दौरान सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। विधानसभा की कार्यवाही के दौरा नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने सरकार पर भ्रष्टाचार से समझौता करने का आरोप लगाया। सदन में विपक्ष ने लगातार हंगामा किया। इस दौरान हंगामा करते हुए बीजेपी विधायकों ने सदन में कुर्सी तोड़ दी।
नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने आगुवानी घाट पुल गिरने से जुड़ा सवाल उठाया। इस सवाल पर सदन में सरकार का जवाब ना आने से नाराज बीजेपी विधायकों ने वेल में हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पथ निर्माण विभाग से जुड़ा सवाल पूछा गया, जिस पर तेजस्वी यादव ने जवाब दिया। इस दौरान स्पीकर के समझाने पर विपक्ष के नेता शांत हो गए।
