April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

‘नहीं सहेगा राजस्थान’ आंदोलन लॉन्च कर बोले नड्डा-गहलोत सरकार कर रही पक्षपात, पूनिया ने राहुल गांधी पर कसा मजेदार तंज

‘नहीं सहेगा राजस्थान’ आंदोलन लॉन्च कर बोले नड्डा-गहलोत सरकार कर रही पक्षपात, पूनिया ने राहुल गांधी पर कसा मजेदार तंज

एनसीआई@जयपुर

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज रविवार को बीलवा में स्थित चंदन वन वाटिका में प्रदेश भाजपा के ‘नहीं सहेगा राजस्थान’ आंदोलन को लॉन्च किया। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में नड्डा ने कहा- यूपीए का मतलब है, उत्पीड़न, पक्षपात और अत्याचार। गहलोत सरकार ने पक्षपात करने का काम किया है। जयपुर बम ब्लास्ट मामले में वसुंधरा सरकार ने फास्ट ट्रेक कोर्ट चलाई, मगर गहलोत सरकार ने आतंकवादियों को छोड़ने का काम किया।

नड्डा आगे बोले-गहलोत सरकार ने पाकिस्तान से आए शरणार्थियों के घरों पर बुलडोजर चलाने का काम किया। वहीं, बांग्लादेश से आए रोहिंग्याओं को बसाने का काम किया है। उनके वोटर आईडी और आधार कार्ड बनाने का काम तक गहलोत सरकार ने किया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा- यह गहलोत सरकार नहीं है, यह घर को लूटने वाली सरकार है। दिल्ली को पैसा भेजने और गरीबों का हक मारने वाली सरकार है। इस सरकार ने भ्रष्टाचार में रिकॉर्ड बनाने का काम किया है। गहलोत को हमें नवम्बर में घर बैठाना है।

नड्डा ने कहा- राम मंदिर बनाने का हम सबका सपना था, वो पूरा हो रहा है। केदारनाथ, उज्जैन का जीर्णोद्धार हुआ है। हम पुष्कर तीर्थ का भी जीर्णोद्धार करवा रहे हैं। इसके लिए केन्द्र सरकार ने 40 करोड़ रुपए दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत के परिवार के लोग हजारों करोड़ के टेंडर ले रहे हैं। गहलोत परिवारवाद को पोषित करने में लगे हैं। भरतपुर की एक मंत्री के पति पर रेप और मर्डर के चार्ज हैं, लेकिन गहलोत उन्हें बचाने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस मां, बेटे और बेटी की पार्टी है। गहलोत तो कॉन्ट्रेक्ट पर हैं, सचिन तो सब-कॉन्ट्रेक्ट पर हैं।

वीरांगनाओं का सम्मान भी किया

राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने इस अवसर पर वीरांगना मंजू जाट और मधुबाला का मंच पर शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। इन्हीं वीरांगनाओं ने अपनी मांगों को लेकर गहलोत सरकार के खिलाफ आंदोलन किया था।

माधुरी दीक्षित के गाने की तरह राहुल गांधी की कर्ज माफी घोषणा: पूनिया

इस अवसर पर उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया ने कहा- जैसे माधुरी दीक्षित 1,2,3,4……5,6 गाना गाती हैं। उसी तरह से राहुल गांधी ने कर्ज माफी के लिए 1 से 10 तक गिनती बोली, मगर किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ।

40 लाख युवाओं का भविष्य हुआ खराब : वसुंधरा

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा- इस सरकार ने साढ़े चार साल में भ्रष्टाचार में डूब कर सरकार चलाई है। चारों ओर लूट मची हुई है। कल तो गहलोत सरकार ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। इनके पूर्व राज्यमंत्री 18.40 लाख रुपए की घूस लेते हुए पकड़े गए। प्रदेश में धर्म परिवर्तन हो रहे हैं। हमारी भामाशाह योजना को बंद करके उन्होंने चिरंजीवी योजना शुरू की। अन्नपूर्णा रसोई को बदलकर इंदिरा योजना कर दिया। खाने की क्वालिटी हमारे मुकाबले खराब कर दी है। वसुंधरा ने कहा- पेपर लीक का सुनकर तो मुझे रोना आता है। 19 पेपर लीक हो गए। 40 लाख युवाओं का भविष्य खराब हो गया।

दिल्ली बुलाने पर अंगूठा दिखा देते हैं गहलोत: जोशी

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा- मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को जब भी दिल्ली बुलाया जाता है, तब वे अंगूठा दिखा देते हैं। पहले हाथ का अंगूठा दिखाया था। अब पैर का अंगूठा दिखा दिया।

जोशी ने कहा कि ‘नहीं सहेगा राजस्थान’ आंदोलन में मुख्य रूप से पेपर लीक से युवा परेशान, भ्रष्टाचार खुलेआम, दलित अत्याचार खुलेआम, बहन-बेटियों पर अत्याचार, कर्ज से मरता किसान और अपराध बेलगाम इन सभी घटनाओं को लेकर प्रदेश भर में आंदोलन चलाया जाएगा। महिला दुष्कर्म के मामलों में आज राजस्थान देश में पहले नंबर पर है। इससे राजस्थान की छवि पूरी तरह धूमिल हो रही है।

15 दिन चलेगा भाजपा का अभियान

भाजपा के ‘नहीं सहेगा राजस्थान’ आंदोलन के लॉन्चिंग समारोह में आंदोलन से सम्बन्धित ऑडियो, वीडियो और पोस्टर का विमोचन किया गया। इसके तहत प्रदेश में 1 अगस्त तक अर्थात 15 दिन भाजपा आक्रामक तरीके से गहलोत सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी। ‘नहीं सहेगा राजस्थान’ आंदोलन जयपुर से शुरू होकर सम्भाग और प्रत्येक विधानसभा स्तर तक किया जाएगा। इसकी अलग से एक वेबसाइट भी जारी की गई है। वेबसाइट पर प्रदेश स्तर से लेकर विधानसभा स्तर तक आंदोलन से जुड़ी तमाम जानकारियां मिलेंगी। आंदोलन के अंतिम दिन एक अगस्त को जयपुर में महा आंदोलन होगा।

 

आंदोलन में मुख्यतौर पर यह होगा

• बीजेपी 15 दिन तक विधानसभा क्षेत्र, चौपाल, ढाणी व वार्ड स्तर तक धरना-प्रदर्शन और सभाएं आयोजित करेगी।

• गहलोत सरकार की नाकामयाबी पर ‘फेल कार्ड’ का गांव-गांव और ढाणी के हर घर में वितरण किया जाएगा।

• आंदोलन के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एफआईआर केम्प लगाए जाएंगे। वहीं प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के स्तर पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ चार्जशीट तैयार की जाएगी।

• इन सभी कार्यक्रमों का दायित्व युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, एससी मोर्चा, एसटी मोर्चा, ओबीसी मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा को सौंपा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.