पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर सहित सचिन और उसके पिता से एटीएस की पूछताछ शुरू, अदालत ने इस शर्त पर दी थी जमानत
एनसीआई@नई दिल्ली
मोबाइल पर पबजी गेम खेलते हुए कथित रूप से भारत के सचिन मीना (22) से प्यार होने के बाद उसके पास अवैध तरीके से आकर पत्नी बन कर रहने लगी पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर (27) पर कई गम्भीर सवाल उठने लगे। इसके बाद उससे अब उत्तर प्रदेश एटीएस ने पूछताछ करनी शुरू कर दी है। इस मामले में सीमा हैदर के पाकिस्तानी जासूस होने की आशंका ने भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को सबसे अधिक चौकन्ना कर दिया है। सीमा हैदर अपने चार बच्चों को भी साथ लेकर आई थी।

सीमा हैदर की सच्चाई जानने के लिए यूपी एटीएस की टीम ने ग्रेटर नोएडा पुलिस से सीमा और सचिन के बयान की कॉपी ली है।एटीएस सीमा हैदर की अभी तक की जांच में सामने आए फेक्ट्स को सचिन और सीमा से पूछताछ करके वेरिफाई करेगी। इसके बाद एटीएस फिर नए सिरे से इसकी जांच करेगी। इसके लिए सीमा हैदर, सचिन और उसके पिता से नोएडा सेक्टर 94 के पुलिस कमांड रूम में एटीएस पूछताछ कर रही है।
उल्लेखनीय है कि नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत आने के बाद सीमा सीधे ग्रेटर नोएडा में अपने प्रेमी सचिन के गांव पहुंच गई थी। वहां उसके साथ चुपचाप रहने लगी थी। मगर किसी की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची तो दोनों वहां से फरार हो गए थे। इसके बाद इन्हें ग्रेटर नोएडा पुलिस ने हरियाणा के बल्लभगढ़ से पाकिस्तानी सीमा हैदर और इसके चार बच्चों, ग्रेटर नोएडा के निवासी सचिन मीना व उसके पिता नेत्रपाल सिंह को जेल भेज दिया था। बाद में इन्हें जेवर सिविल कोर्ट से जमानत मिल गई। कोर्ट ने इन्हें जमानत इस शर्त पर दी कि ये ना तो देश छोड़कर जा सकते हैं और ना ही अपना पता बदल सकते हैं। सीमा और सचिन के वकील ने कोर्ट में दोनों के प्यार व चार बच्चों की सुरक्षा का हवाला दिया था। सीमा के वकील हेमंत कृष्ण पाराशर के अनुसार कोर्ट में दाखिल याचिका के मुताबिक सचिन के घर का एड्रेस रबूपुरा लिखा हुआ है, इसलिए अगले आदेश तक सीमा, सचिन और सीमा के चारों बच्चे रबूपुरा में रहेंगे। सभी लोग सचिन के घर पर ही रहेंगे। उल्लेखनीय है कि सीमा और सचिन की शादी नेपाल में स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में हो गई थी।
