बूंदी एसीबी की टीम की बड़ी कार्रवाई, आबकारी निरीक्षक रिश्वत लेते ट्रेप
एनसीआई@बूंदी
बूंदी एसीबी की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी निरीक्षक सुनील कुमार गर्ग को 6000 रुपए की रिश्वत राशि के साथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई को एसीबी टीम के प्रभारी ज्ञानचंद मीणा के नेतृत्व में आबकारी कार्यालय में ही अंजाम दिया गया।

जानकारी के अनुसार बूंदी आबकारी कार्यालय में ही आबकारी निरीक्षक सुनील कुमार गर्ग को ख्यावदा देशी शराब ठेकेदार से 6000 रुपए मासिक बंदी की राशि लेते गिरफ्तार किया गया है। सवाई माधोपुर जिले के खंडार निवासी आबकारी निरीक्षक गर्ग कई महीने से यह मासिक बंदी लेता आ रहा था। यह वर्तमान में कुन्हाड़ी, कोटा के पार्श्वनाथ अपार्टमेंट में रह रहा है।

बूंदी जिले के शराब ठेकेदार गर्ग की फितरत से परेशान थे और इसे किसी ना किसी प्रकार से ट्रेप करवाने की जुगत में लगे हुए थे। आज यह मौका हाथ लग गया। गर्ग के खिलाफ मासिक बंदी लेने की शिकायतें मिलती रही थीं।
