सहपाठी छात्रा के बॉय फ्रेंड और अध्यापक के धमकाने से परेशान होकर 17 वर्षीय छात्र ने कर ली आत्महत्या
एनसीआई@जयपुर
कोटपूतली के भाबरू थाना क्षेत्र के जवानपुरा गांव में एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के एक 17 वर्षीय छात्र ने अपने स्कूल की एक छात्रा के बॉय फ्रेंड व अध्यापक के धमकाने से परेशान होकर बुधवार शाम अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। इसके बाद लड़के के परिजन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अस्पताल में धरने पर बैठ गए। गुरुवार दोपहर पुलिस की समझाइश पर बात बनी। विपिन अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन है, जो आठवीं क्लास में पढ़ती है।
विपिन पुत्र गिरिराज धानका ने बुधवार शाम 5 बजे अपने घर में फांसी लगा ली थी। इसके सुसाइड नोट के आधार पर विपिन के ताऊ महावीर प्रसाद ने गुरुवार अपराह्न 3 बजे बाद थाने में मामला दर्ज करवाया। इसके बाद पुलिस ने अध्यापक को हिरासत में ले कर पूछताछ शुरू कर दी है।

आत्महत्या के लिए भी बनाया बहाना
अपनी रिपोर्ट में ताऊ ने बताया कि विपिन खनगवाल शाहपुरा की नूतन विद्या मंदिर इंग्लिश मीडियम स्कूल में 12वीं क्लास में पढ़ता था। बुधवार दोपहर स्कूल की छुट्टी होने के बाद शाहपुरा में अपने पिता गिरिराज की कपड़े की दुकान पर दोपहर सवा 2 बजे पहुंचा। वहां सेल्समैन धर्मवीर से उसने स्कूल से फोन आने के बारे में पूछा। इसके बाद थोड़ी देर वह दुकान पर रुका और शाम 4 बजे अपने गांव लौट गया। इस दौरान मैं (ताऊ महावीर) बाहर सब्जी लेने जा रहा था। विपिन तबीयत खराब होने और दवाई खाने की बात कहकर अपने अपने कमरे में चला गया और फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सब्जी लेकर महावीर प्रसाद घर लौटा तो बच्चों ने विपिन के पंखे पर लटके होने की जानकारी दी। इस पर खिड़की से देखा तो विपिन फंदे से लटका हुआ दिखा। इसके बाद पीछे जाकर दरवाजे को तोड़ा और पड़ोसियों की मदद से उसे नीचे उतारा।
धरने पर बैठे परिजन
परिजनों ने बताया कि जिस समय विपिन ने फंदा लगाया, उस दौरान घर में केवल बच्चे ही थे। घर की महिलाएं खेत पर काम करने के लिए गई हुईं थीं। वहीं विपिन के पिता शाहपुरा में अपनी कपड़े की दुकान पर थे। इसके बाद परिवार के लोग उसे शाम 5 बजे शाहपुरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शाम होने की वजह से उस समय उसका पोस्टमार्टम नहीं हो सका। विपिन की जेब में सुसाइड नोट मिला। इसके बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और अस्पताल में धरने पर बैठ गए।
अध्यापक पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
विपिन के कमरे में जो सुसाइड नोट मिला है, उसमें उसने अध्यापक और सहपाठी लड़की पर उसे परेशान करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। सुसाइड नोट में विपिन ने एक युवक राजा जाट पर भी जान से मारने के लिए धमकाने का आरोप लगाया है। विपिन ने सुसाइड नोट में माता पिता से माफी मांगते हुए लिखा कि मेरी वजह से मेरे पापा की इज्जत खराब नहीं होने दूंगा।
ऐसे बढ़ा मामला
विपिन के ताऊ ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि स्कूल की एक लड़की ने मेरे भतीजे को बताया कि अविरल सर से उसकी फोन पर बातचीत होती है। विपिन ने यह बात टीचर को बताई तो वह उसे प्रताड़ित करने लगे। साथ ही लड़की अपने किसी दोस्त राजा जाट से उसे फोन पर धमकी दिलाती थी। इससे विपिन को डर था कि स्कूल वाले उसकी टीसी काट देंगे। विपिन ने आगे लिखा है- मुझे पता है सब लड़की का विश्वास करेंगे।
गुरुवार को अस्पताल में गुस्साए परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर शाहपुरा डीएसपी, भाबरू थाना प्रभारी जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी ली। इस दौरान परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच करने के लिए कुछ समय देने की बात पर सहमति बनी और धरना समाप्त हो गया। गुरुवार अपराह्न 3 बजे शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस ने अध्यापक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
भाबरू थाना अधिकारी बाबू थाना अधिकारी धर्म सिंह ने बताया कि मामले में टीचर को डिटेन किया गया है, जल्दी ही मामले की जांच कर शेष आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
