कांस्टेबल के सिर में गोली मारने का मुख्य आरोपी नवीन गिरफ्तार, जंगल में मुठभेड़ के बाद पकड़ा, गोली भी लगी
एनसीआई@दौसा
दौसा में पुलिस कांस्टेबल प्रहलाद सिंह राजपूत के सिर में गोली मारने के मुख्य आरोपी भरतपुर निवासी बदमाश नवीन सिनसिनवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से हुई मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी है। दौसा एएसपी बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि 2 दिन से आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा था। कांस्टेबल प्रहलाद का जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है।
— Dausa Police (@DausaPolice) August 25, 2023
एएसपी बजरंग सिंह ने बताया कि पुलिस को नवीन सिनसिनवार के ठिकाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। क्रॉस फायरिंग में नवीन के पैर में गोली लग गई। उसे दौसा के रामकरण जोशी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से जयपुर रेफर कर दिया गया है। कांस्टेबल को गोली मारने वाले मुख्य आरोपी नवीन सिनसिनवार की गिरफ्तारी के बाद उसके साथी की भी तलाश की जा रही है।

800 जवानों के साथ चलाया था सर्च ऑपरेशन
आरोपियों की तलाश में चार जिलों की पुलिस के करीब 800 जवानों के साथ रेटा कालाखो के बीहड़ों में सर्च अभियान चलाया गया। दरअसल बुधवार को दौसा पुलिस को सूचना मिली थी कि जयपुर से दो बदमाश बाइक चोरी कर अवैध हथियारों के साथ हाईवे से गुजर रहे हैं। इस सूचना पर डीएसटी के तीन कांस्टेबल प्रहलाद सिंह, बालकेस और पन्नालाल ने बदमाशों का पीछा शुरू किया। पुलिस को पीछे आते देख बदमाशों ने दोनों बाइक को हाईवे पर छोड़ा और बाजरे के खेतों की तरफ भाग गए। तीनों कांस्टेबल भी बदमाशों के पीछे खेतों में चले गए।
कांस्टेबल प्रहलाद सिंह के सिर में लगी गोली
पुलिस का बढ़ता दबाव देखकर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, लेकिन बदकिस्मती से बदमाशों की गोली कांस्टेबल प्रहलाद सिंह के सिर में लग गई। इसके चलते वह अचेत होकर गिर गया। प्रहलाद के साथी उसे सम्भालने लगे, इतने में बदमाशों को वहां से भागने का मौका मिल गया। पुलिस का दावा है जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
