July 13, 2026

News Chakra India

Never Compromise

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का सनसनीखेज आरोप, कहा-ज्यूडिशियरी में भयंकर भ्रष्टाचार, कई वकील जो जजमेंट लिखकर ले जाते हैं, वही आता है

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का सनसनीखेज आरोप, कहा-ज्यूडिशियरी में भयंकर भ्रष्टाचार, कई वकील जो जजमेंट लिखकर ले जाते हैं, वही आता है

एनसीआई@जयपुर

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा- आज ज्यूडिशियरी में भयंकर भ्रष्टाचार हो रहा है। मैंने सुना है कि कई वकील तो जजमेंट लिखकर ले जाते हैं, वही जजमेंट आता है। ज्यूडिशियरी के अंदर यह क्या हो रहा है? चाहे लोअर ज्यूडिशियरी हो या अपर, हालात गम्भीर हैं। देशवासियों को सोचना चाहिए।

गहलोत यहां मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा-भाजपा विधायक कैलाश मेघवाल ने केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल पर जो आरोप लगाए हैं, वो सही हैं। मुझे मालूम पड़ा है कि उनके (अर्जुन राम मेघवाल) वक्त बहुत बड़ा करप्शन हुआ था। उसे दबा दिया गया है। इन लोगों ने हाईकोर्ट से स्टे ले रखा है। इन्होंने किसी की परवाह ही नहीं की। हम तो कभी किसी के पीछे पड़ते नहीं हैं। ज्यूडिशियरी, आरपीएससी, एसीबी में कभी इंटरफियर नहीं करता हूं। मैंने जीवन में कभी इन संस्थाओं के काम में हस्तक्षेप नहीं किया। न कभी करना चाहिए।

हमने भी कई हाईकोर्ट जज बनाने में मदद की होगी

गहलोत ने कहा- हमने कई हाईकोर्ट जज बनवाने में मदद की होगी। उन सिफारिशों की कहीं वैल्यू हुई होगी। कई जज बन गए होंगे। जज बनने के बाद मैंने जिंदगी भर उन लोगों से बात नहीं की। मैं मेरी खुद की अप्रोच रखता हूं। आज से 25 साल पहले मुख्यमंत्री हाईकोर्ट जज बनाने की रिकमेंडेशन देते थे। वो जमाना भी हमने देखा है। हम भी सांसद थे, केन्द्रीय मंत्री थे। कई सिफारिशें होती थीं।

आरएसएस का चाल, चरित्र, चेहरा कहां चला गया?

गहलोत ने कहा- आरएसएस अपने चाल, चरित्र, चेहरे की बात करता था। लोग विश्वास करते थे कि आरएसएस अलग तरह का संगठन है। यह खुद कहते थे हम अलग हैं। आज उनका चाल, चरित्र, चेहरा कहां चला गया?

हिन्दुओं और गौ माता के लिए जो हमने किया, वह कोई नहीं कर सकता

गहलोत ने कहा- हिन्दुओं के लिए जो हमने किया, वह कोई नहीं कर सकता। गाय माता के लिए हमने जो फैसले किए हैं, वह कोई नहीं कर सकता। हम गौ माता के लिए 3 हजार करोड़ रुपए खर्च कर रहे हैं। लम्पी रोग में मरने वाली गाय के लिए 40 हजार दे रहे हैं। देश में कौन दे रहा है? हम कामधेनु योजना लेकर आ रहे हैं। मंदिरों का निर्माण करवा रहे हैं। गोविंद देव जी के मंदिर में 100 करोड़ की लागत से कॉरिडोर बनवा रहे हैं।

गहलोत आगे बोले-वैदिक स्कूल हम बना रहे हैं। पहला संस्कृत विश्वविद्यालय हमने बनवाया। हिन्दुत्व की बात बीजेपी वाले कर रहे हैं। अब इनकी पोल खुलती जा रही है। जनता का मिजाज कब बदल जाए। यह जनता बहुत होशियार है। उनका दिमाग बहुत चलता है। जनता चुप रहती है, अनपढ़ हो सकती है। कम पढ़ी-लिखी हो सकती है, लेकिन उनकी समझ शानदार है। इंडिया शाइनिंग के नारे के बीच वाजपेयी सरकार चली गई। पता ही नहीं लगा।

विधानसभा-लोकसभा चुनाव साथ हों तो हम तैयार हैं

विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ करवाने की तैयारियों के सवाल पर गहलोत ने कहा- विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ होते हैं तो भी हम पूरी तरह तैयार हैं। केन्द्र की सरकार कुछ भी करवा सकती है।

बिना असेसमेंट किए लोगों के घरों में घुस रही हैं जांच एजेंसियां

गहलोत ने कहा- आज जांच एजेंसियों की हालत क्या है। सीबीआई, ईडी, इनकम टेक्स ​बिना असेसमेंट किए हुए लोगों के घरों में घुस रही हैं। जांच एजेंसियों के अफसरों से पूछना चाहिए कि तुम ऊपर के आदेश पर पहले बिना कोई छानबीन किए घरों में घुस रहे हो। असेसमेंट करके गड़बड़ी पहचान की नहीं और सीधे घरों में घुस रहे हो। आपकी अंतरात्मा, आपका परिवार, आपका जमीर, क्या इसकी गवाही दे रहा है?

यह सोचने का समय आ गया है। उनको चाहिए कि वह ऊपर वालों से दो टूक बात करें कि हम नहीं कर सकते। हमारी प्रीमियर जांच एजेंसियां सीबीआई, ईडी पर हमें गर्व है, लेकिन केन्द्र ने इनकी हालत खराब कर दी है। एजेंसियों की साख खराब कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.