भारत-पाकिस्तान मैच पर गौतम गम्भीर का ‘गम्भीर रिएक्शन’, कहा-दोस्ती मैदान के बाहर दिखाओ
भारत और पाकिस्तान मैच के बाद पूर्व भारतीय बल्लेबाज गौतम गम्भीर ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच दोस्ती पर बयान देते हुए कहा है कि ऐसा पहले कभी नहीं होता था। जब आप देश के लिए खेल रहे हों तो दोस्ती मैदान के बाहर छोड़ कर आओ।
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
एशिया कप में शनिवार (2 सितम्बर) को भारत और पाकिस्तान के बीच हुआ मुकाबला बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका था। मगर इस मैच के दौरान कई ऐसे दृश्य सामने आए, जिनमें भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान टीम के खिलाड़ियों से गले मिलते और उनके प्रदर्शन की सराहना करते नजर आए। इस पर टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर गौतम गम्भीर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। गम्भीर ने कहा कि मैच के दौरान प्लेयर्स को दोस्ती नहीं निभानी चाहिए, बल्कि उनकी आंखों में दूसरी टीम के खिलाफ एग्रेशन होना चाहिए।
गम्भीर ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ‘हमारे समय पर ऐसा नहीं होता था कि मैच के दौरान खिलाड़ी विरोधी टीम के प्लेयर्स के साथ गले मिलें, उनके कंधे पर हाथ रखें। ये सब ज्यादा फ्रेंचाइजी क्रिकेट के कारण हो रहा है। मैच के दौरान आपकी आंखों में एग्रेशन होना चाहिए, क्योंकि उस समय आप अपने देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हो और अपने देश को जिताने की पूरी कोशिश कर रहे होते हैं।’
गम्भीर ने आगे कहा, ‘मैच के 6-7 घंटे के बाद कितनी ही दोस्ती रखिए, कितनी ही बातें करिए.. लेकिन वो 6-7 घंटे बहुत महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि आप उस समय सिर्फ इंडिया टीम की जर्सी नहीं पहन रहे, बल्कि 140 करोड़ लोगों का प्रतिनिधित्व भी कर रहे हो।’
