बूंदी में तीन दिन के प्रवास के बाद शौर्य यात्रा का कोटा जिले में प्रवेश, माखीदा पुलिया पर जयकारों के साथ दी गई विदाई
एनसीआई@बूंदी
हिन्दू युवाओं में अपने पूर्वजों के प्रति गौरव का भाव जाग्रत करने और अमर बलिदानियों के जीवन चरित्रों से प्रेरणा लेने के लिए विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल द्वारा निकाली जा रही शौर्य जागरण यात्रा बून्दी में तीन दिन के प्रवास के बाद रविवार को गैंता माखीदा पुलिया के रास्ते कोटा जिले में प्रवेश कर गई।
माखीदा स्थित चम्बल पुलिया पर जिलाध्यक्ष नंदलाल वर्मा, जिला मंत्री संजय नागर, बजरंग दल जिला संयोजक व शौर्य यात्रा संयोजक लक्की चौपड़ा, जिला सहमंत्री शंकर गुर्जर, पवन गौतम, बृजेश राठौर आदि विहिप व बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने भव्य पुष्प वर्षा सहित भगवान श्रीराम के गगनभेदी जयकारों के बीच कोटा जिले के लिए विदा किया। इससे पहले शौर्य जागरण यात्रा में शामिल रामरथ का विधिवत पूजन कर मां चर्मण्यवती को श्रीफल भेंट किया गया।
बून्दी जिले में शौर्य जागरण यात्रा के संयोजक लक्की चौपड़ा ने बताया कि बूंदी में तीन दिन के प्रवास के बाद शौर्य जागरण यात्रा लाखेरी के गैंता माखीदा पुलिया पर कोटा जिले के बजरंगियों को सौंपा गया। यहां से यह यात्रा गैंता होते हुए इटावा पहुंच कर रात्रि विश्राम करेगी। चौपड़ा ने बताया कि माखीदा स्थित चम्बल पुलिया पर कोटा जिले के विहिप बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने शौर्य जागरण यात्रा की भगवान श्री राम के जयकारों के साथ अगवानी की। इस मौके पर विहिप के प्रांतीय अध्यक्ष प्रताप सिंह नागदा और बजरंग दल विभाग संयोजक रवि स्वामी सहित बड़ी संख्या में विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शौर्य जागरण यात्रा का बूंदी में ऐसा रहा प्रवास
जिलाध्यक्ष नंद लाल वर्मा व जिला मंत्री संजय नागर ने बताया कि 15 सितम्बर को केशवरायपाटन से रवाना होने के बाद शौर्य जागरण यात्रा तीन दिन बूंदी जिले के प्रवास पर रही। इस यात्रा ने बूंदी, हिंडोली, दबलाना, रानीपुरा, जजावर, नैनवां बामनगांव, करवर, इंद्रगढ़, लाखेरी माखिदा होते हुए कोटा जिले में प्रवेश किया। इस यात्रा का जिले में विभिन्न स्थानों, गांव-गांव में बड़े जोश व उत्साह से स्वागत किया। सम्पूर्ण जिले में यात्रा ने श्री राम जन्मभूमि में प्राण प्रतिष्ठा के पूर्व राममय वातावरण निर्माण का सार्थक प्रयास किया।
जिलेवासियों का जताया आभार
जिला सहमंत्री शंकर गुर्जर ने जिला कार्यकारिणी की ओर से जिले में तीन दिन के प्रवास पर रही शौर्य जागरण यात्रा के अभूतपूर्व स्वागत-अभिनन्दन के लिए जिले के समस्त हिन्दू जनमानस सहित सभी वैचारिक, सामाजिक, आध्यात्मिक एवं व्यापारिक संगठनों का आभार प्रकट किया। शौर्य यात्रा में शामिल राम रथ में मौजूद श्री राम जन्मभूमि मंदिर व श्री राम दरबार की प्रतिकृति, साधु- संत, हुतात्माओं के परिजन व कार सेवकों सहित सैंकड़ों बजरंग दल व विहिप के कार्यकर्ता दुपहिया व चौपहिया वाहनों में शामिल रहे।
