मोदी ने कहा-भाजपा लाल डायरी के राज खोलेगी, गहलोतजी आराम करें, विकास हम कर लेंगे, 5 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण भी किया
एनसीआई@जोधपुर
राजस्थान के जोधपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी ने ऐलान किया है कि अब उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर सिर्फ 600 रुपए में मिलेगा। इससे सभी बहनें त्योहारों को ज्यादा उमंग से मनाएंगी। इससे देशभर की महिलाओं के साथ-साथ राजस्थान के भी 70 लाख परिवारों को फायदा मिलेगा।

अपने भाषण की शुरुआत में मोदी ने कांग्रेस पर सियासी हमला करते हुए कहा कि ये महिला आरक्षण पर झूठ फैला रहे। मोदी ने कहा-भाजपा आएगी तो राजस्थान में खुशहाली लाएगी। मैं गहलोतजी से कहता हूं कि आप विश्राम कीजिए, हम सब संभाल लेंगे। जोधपुर में हजारों करोड़ के प्रोजेक्ट्स की शुरुआत पर गहलोतजी इसीलिए नहीं आए क्योंकि उनको भरोसा है कि मोदी आएगा तो सब ठीक हो जाएगा।

एयरपोर्ट से भी शानदार रेलवे स्टेशन बनाऊंगा
मोदी ने कहा-एयरपोर्ट शानदार बनाने का फैशन है, क्योंकि वहां बड़े-बड़े लोग जाते हैं। गरीब रेलवे स्टेशन जाता है, इसलिए मैं रेलवे स्टेशनों को एयरपोर्ट से भी बढ़िया बना दूंगा। इसमें जोधपुर रेलवे स्टेशन भी शामिल है।

लाल डायरी के काले राज खुलने चाहिए
राजस्थान में 5 साल सरकार एक कदम भी नहीं चली। यहां 24 घंटे कुर्सी का खेल चलता रहा। लोग कहते हैं कि लाल डायरी में कांग्रेस के करप्शन की हर काली करतूत शामिल है। लाल डायरी के काले राज खुलने चाहिए। कांग्रेस यह राज खुलने नहीं देगी, इसलिए भाजपा सरकार बननी चाहिए।
पेपर लीक माफियाओं को मिटा देंगे
कांग्रेस के पेपर लीक माफिया ने यहां के लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। राजस्थान का युवा इंसाफ मांग रहा है। चुनाव के समय बेरोजगारी भत्ते का वादा करने वाली कांग्रेस ने युवाओं को माफियाओं के हवाले कर दिया। ऐसे हर माफियाओं के खिलाफ भाजपा सरकार सख्त कार्रवाई करेगी और उन्हें मिटा देगी।

कांग्रेस विधायक खुद असुरक्षित महसूस कर रही
यहां की कांग्रेस विधायक खुद असुरक्षित महसूस करती है। जोधपुर, सांचौर, जालोर में बेटियों के खिलाफ अपराध हुए। भाजपा आएगी तो महिला सुरक्षा लाएगी। कांग्रेस वाले आए दिन देश की बेटियों के लिए अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल करते हैं।
पानी की योजना में भी भ्रष्टाचार को बढ़ावा
कांग्रेस को बेटियों की परेशानी से मतलब नहीं है। पानी की समस्या राजस्थान में है, हम हर घर में नल कनेक्शन पहुंचाना चाहते हैं, लेकिन यहां की सरकार काम में रुकावट डाल रही है। यहां तो पानी की योजना में भी भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
हमने एक घंटे में नर्मदा का पानी राजस्थान को दिया
हिन्दुस्तान के कई राज्य पानी के लिए मार-काटने वाली लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन भाजपा का चरित्र देखिए कि जब गुजरात में मैं सीएम था, तो नर्मदा के पानी की राजस्थान को जरूरत थी। हमने एक घंटा नहीं लगाया, यह हम उपकार नहीं कर रहे, हम गर्व करते हैं।

वैक्सीन वॉर मूवी का जिक्र
प्रधानमंत्री ने आगे कहा-आजकल एक फिल्म आई है, जिसका नाम वैक्सीन वार है। उस फिल्म में बढ़िया तरीके से वैज्ञानिकों की मेहनत को दर्शाया है। मैं फिल्म बनाने वालाें को बधाई देता हूं कि आपने विज्ञान की ताकत दिखाई।
मैंने गरीबी को जिया है
गरीबी क्या होती है, उसकी तकलीफें कैसे होती है, यह मैं ज्यादा जानता हूं। मैंने गरीबी को जिया है। 2014 के बाद हमने ऐसी नीति बनाई, जिससे गरीबी दूर हो रही है।
गहलोत ने पीएफआई को कार्यक्रम में बुलाया
सभा को सम्बोधित करते हुए भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को राजस्थान के विकास का सुझाव देने के लिए आतंकी संस्था पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) को भी बुलाया है। आमंत्रित संस्थाओं की सूची में 41वें या 42वें नम्बर पर पीएफआई का नाम है।

खुली जीप में पहुंचे सभा स्थल पर
प्रारम्भ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुली जीप में सभा स्थल रावण का चबूतरा मैदान पर पहुंचे। यहां जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने साफा पहनाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत किया। मोदी की सभा के लिए भाजपा ने आसपास के जिलों से भी लोगों को बुलाया था।

5000 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास और लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इससे पूर्व एक अन्य कार्यक्रम में लगभग 5,000 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा-भारत सरकार आज राज्य में रेल, सड़क सहित हर क्षेत्र में तेज गति से काम कर रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये जरूरी है कि भारत के गौरवशाली अतीत का प्रतिनिधित्व करने वाला राजस्थान भारत के भविष्य का भी प्रतिनिधित्व करे। ये तभी होगा जब मेवाड़ से लेकर मारवाड़ तक पूरा राजस्थान विकास की बुलंदियों को छुए, यहां आधुनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण हो।

राजस्थान के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए
इस समारोह में मोदी ने रिमोट का बटन दबाकर परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास पट्टिकाओं का अनावरण किया। उल्लेखनीय है कि राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि बीते नौ वर्षों में हमने राजस्थान के विकास के लिए जो निरंतर प्रयास किए हैं, उनके परिणाम आज हम सब अनुभव कर रहे हैं, देखे रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सरकार आज राजस्थान में हर दिशा में रेल, रोड सहित हर क्षेत्र में तेज गति से काम कर रही है।
रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा-इसी साल रेलवे के विकास के लिए करीब-करीब साढ़े नौ हजार करोड़ रुपए का बजट राजस्थान को दिया गया है। ये बजट पिछली सरकार के सालाना औसत बजट से करीब 14 गुना ज्यादा है। उन्होंने कहा कि आज सड़क और रेल की जिन परियोजनाओं को शुरू किया गया है, उनसे विकास के इस अभियान को और गति मिलेगी। इन सभी विकास कार्यों से इस इलाके की स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इससे राजस्थान में पर्यटन क्षेत्र को भी नई ऊर्जा प्रदान करने में मदद मिलेगी।

चिकित्सा और इंजीनियरिंग का एक अच्छा केन्द्र बने
मोदी ने कहा कि राजस्थान की चिकित्सा और इंजीनियरिंग शिक्षा के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान रही है। कोटा ने देश को बहुत से चिकित्सक और इंजीनियर दिए हैं। सरकार का प्रयास है कि राजस्थान चिकित्सा और इंजीनियरिंग का एक अच्छा केन्द्र बने। उन्होंने कहा कि राजस्थान प्रकृति-पर्यावरण से प्रेम करने वाले लोगों की धरती है और गुरु जम्भेश्वर और बिश्नोई समाज ने यहां सदियों से उस जीवनशैली को जिया है, जिसका आज पूरी दुनिया अनुसरण करना चाहती है।
राजस्थान को विकसित और समृद्ध बनाना है
मोदी ने कहा कि मुझे विश्वास है, हमारे ये प्रयास विकसित भारत का आधार बनेंगे। भारत विकसित तभी होगा, जब राजस्थान विकसित होगा। हमें मिलकर राजस्थान को विकसित और समृद्ध बनाना है। प्रधानमंत्री ने सड़क, रेल, विमानन, स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा क्षेत्रों से सम्बन्धित लगभग 5000 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं के तहत जोधपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में 350 बिस्तरों वाला ‘ट्रॉमा सेंटर और क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक’ और पूरे राजस्थान में प्रधानमंत्री-आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन (पीएम-एबीएचआईएम) के तहत सात क्रिटिकल केयर ब्लॉक विकसित किए जाएंगे।
एम्स में 350 करोड़ रुपए से अधिक खर्च होंगे
जोधपुर के एम्स में ‘ट्रॉमा, इमरजेंसी और क्रिटिकल केयर’ के लिए एकीकृत केन्द्र विकसित करने पर 350 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। प्रधानमंत्री ने जोधपुर हवाई अड्डे पर 480 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली अत्याधुनिक नई टर्मिनल बिल्डिंग की आधारशिला भी रखी। प्रधानमंत्री ने आईआईटी, जोधपुर परिसर भी राष्ट्र को समर्पित किया। यह अत्याधुनिक परिसर 1135 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बनाया गया है।
ये लोग रहे मौजूद
प्रधानमंत्री ने राजस्थान में सड़कों के बुनियादी ढांचे में सुधार लाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्ग-125ए पर जोधपुर रिंग रोड के कारवाड़ से डांगियावास तक के खंड को चार लेन बनाने सहित कई सड़क विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से दो नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इनमें जैसलमेर को दिल्ली से जोड़ने वाली नई ट्रेन ‘रुणिचा एक्सप्रेस’ और मारवाड़ जंक्शन को खांबली घाट से जोड़ने वाली नई ‘हेरिटेज ट्रेन’ शामिल हैं। इस अवसर पर राज्यपाल कलराज मिश्र, केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, कैलाश चौधरी तथा राजस्थान सरकार के मंत्री भजनलाल जाटव भी मौजूद थे।
