मौसम विभाग का अलर्ट : राजस्थान के कई इलाकों में 15 अक्टूबर से होगी बारिश
राजस्थान में मौसम के बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 15 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और बारिश की सम्भावना है। 16-17 अक्टूबर को बारिश का प्रभाव सर्वाधिक रहेगा, जिससे जोधपुर, बीकानेर, अजमेर और जयपुर के कुछ भागों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान में मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। एक तरफ जहां मानसून की विदाई हो गई तो वहीं लोगों का गर्मी से बुरा हाल है। इसी बीच राहत भरी खबर यह सामने आई है कि राज्य के पश्चिमी भागों में 15 अक्टूबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की सम्भावना है। इससे पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों और बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़ के कुछ भागों में दोपहर बाद कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की सम्भावना है। प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और दिन में तेज धूप निकलने से तापमान में भी वृद्धि हुई है।
15 अक्टूबर से यहां-यहां बारिश के आसार
प्रदेश में मौसम विभाग के अनुसार 15 अक्टूबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का अनुमान लगाया गया है। इसके बाद 16-17 अक्टूबर को विक्षोभ का प्रभाव सर्वाधिक रहने और जोधपुर, बीकानेर, अजमेर व जयपुर सम्भाग के कुछ भागों में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इसी के साथ मौसम में हो रहे परिवर्तन के बाद हल्की सर्दी की शुरुआत भी हो सकती है।
18 अक्टूबर के बाद फिर होगा मौसम में परिवर्तन
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में 18 अक्टूबर को भी राज्य के उत्तरी और पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की सम्भावना है। हल्की बारिश होने से गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी और प्रदेश का तापमान भी गिरता हुआ नजर आएगा। फिलहाल राजस्थान में मौसम शुष्क बना हुआ है और प्रदेश की जनता को बारिश का इन्तजार है।
