April 25, 2026

News Chakra India

Never Compromise

पायलट के ‘गढ़’ में प्रियंका गांधी ने गहलोत के लिए मांगे वोट, चुनाव जीते तो सीएम के रिपीट होने के दिए संकेत

पायलट के ‘गढ़’ में प्रियंका गांधी ने गहलोत के लिए मांगे वोट, चुनाव जीते तो सीएम के रिपीट होने के दिए संकेत

प्रियंका गांधी की आज दौसा में जनसभा के दौरान कई अहम संकेत मिले। सचिन पायलट के गढ़ दौसा में प्रियंका ने अशोक गहलोत की योजनाओं को ध्यान में रखकर वोट अपनी ओर खीचनें की कोशिश की। इस पर राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि अगर कांग्रेस चुनाव जीत जाती है तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को ही बनाया जाएगा।

एनसीआई@दौसा/ जयपुर

राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव के बीच एक बार फिर प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को दौसा जिले से अपने कैम्पेन का आगाज किया। इस दौरान प्रियंका ने कांग्रेस में सीएम के चेहरे को लेकर छिड़ी बहस को समाप्त कर इशारे में बता दिया कि अशोक गहलोत ही कांग्रेस की तरफ से अगले मुख्यमंत्री होंगे। प्रियंका गांधी ने साफ कर दिया है कि कांग्रेस आने वाला विधानसभा चुनाव गहलोत सरकार की योजनाओं की उपलब्धियों को लेकर लड़ने वाली है। प्रियंका ने यह बयान देकर दौसा से राजस्थान में गहलोत के लिए वोट मांगे। प्रियंका के इस संकेत के बाद से कांग्रेस की सियासत में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। इसके अलावा प्रियंका गांधी ने अपने सम्बोधन में ईआरसीपी मुद्दे को लेकर केन्द्र सरकार को जमकर घेरा। वहीं बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि उनकी नीति ‘गरीबों से खींचना और बड़े-बड़े उद्योगपतियों को सींचना’ है। उन्होंने प्रधानमंत्री को जुमलेबाज कहा। इसमें ईआरसीपी मुद्दा भी प्रमुख रूप से शामिल रहा।

शानदार योजनाओं के कारण देशभर में राजस्थान की चर्चा

दौसा लोकसभा क्षेत्र सचिन पायलट का पुराना चुनावी क्षेत्र रह चुका है। इससे पहले पायलट यहां से सांसद भी रह चुके हैं। वहीं इस बीच प्रियंका गांधी ने पायलट का गढ़ माने जाने वाले दौसा में हुंकार भरते हुए कहा कि गहलोत सरकार की शानदार योजनाओं के कारण देश में राजस्थान की चर्चा है। उन्होंने चुनाव में कांग्रेस सरकार की योजनाओं की उपलब्धियों को ही मुख्य मुद्दा बताते हुए चुनाव लड़ने की बात कही है। इस दौरान प्रियंका गांधी ने पायलट के पुराने गढ़ दौसा से सीएम अशोक गहलोत के लिए वोट मांगने की शुरुआत कर दी है। प्रियंका गांधी की सभा की बाद सियासी गलियारों में एक नई बहस छिड़ गई।

मोदी और शाह विपक्ष को दुश्मन समझते हैं

सीएम अशोक गहलोत भी अपने सम्बोधन में बीजेपी पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह विपक्ष को अपना दुश्मन समझते हैं। उन्होंने कहा कि देश में कभी ऐसा नहीं हुआ, जब चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद विपक्ष के नेताओं के खिलाफ छापेमारी की गई हो, लेकिन अब ऐसा देखने को मिल रहा है। उन्होंने भाजपा पर जांच एजेंसी का जमकर दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।

सचिन पायलट ने दौसा को बताया कांग्रेस का गढ़

प्रियंका की सभा के दौरान दौसा में गहलोत के लिए वोट मांगना काफी चर्चा का विषय रहा। इस बीच सचिन पायलट ने भी अपने सम्बोधन में कहा कि दौसा कांग्रेस का गढ़ रहा है। दौसा से कांग्रेस ने हमेशा ही बढ़त बनाई है। इससे पहले वह भी दौसा से सांसद रह चुके हैं। दौसा ने कांग्रेस को कई बार सांसद और विधायक दिए हैं। इस दौरान सभा को राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने भी सम्बोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.