राजस्थान चुनाव: बीजेपी के सीएम उम्मीदवार को लेकर बिधूड़ी ने टोंक में दिया बड़ा बयान, सचिन पायलट को लेकर कही यह बात
राजस्थान विधानसभा चुनाव में अब बहुत ही कम समय रह गया है। वहीं सांसद और भाजपा जिला चुनाव प्रभारी रमेश बिधूड़ी ने सचिन पायलट को लेकर बड़ा बयान दिया।
एनसीआई@टोंक
सांसद और भाजपा जिला चुनाव प्रभारी रमेश बिधूड़ी ने शुक्रवार को पार्टी की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने भाजपाइयों को चुनाव जीतने का मंत्र दिया। उन्होंने एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजीत सिंह मेहता आदि भाजपाई मौजूद रहे।
भाजपा सांसद और जिला चुनाव प्रभारी रमेश बिधूड़ी ने इस दौरान कहा कि चुनाव है तो सबकी अपनी अपनी रणनीति है। कार्यकर्ता सब जानता है रणनीति बना ली है। जिस प्रदेश में महिला की पूजा होती है वहां महिलाओं पर अत्याचार के मामले सबसे ज्यादा हैं। देश में महिला अत्याचार के मामले में राजस्थान नम्बर वन है।
कांग्रेस सरकार पर भी बोला हमला
बिधूड़ी ने कहा- राजस्थान में कांग्रेस ने जनता के साथ गुर्जर समाज को गुमराह किया। पायलट को सीएम बनाने के नाम पर कांग्रेस ने प्रदेश की जनता को ठगा और डिप्टी सीएम बनाकर झुनझुना थमा दिया। राजस्थान में जनता कांग्रेस से बदला लेने के लिए तैयार बैठी है।
मुख्यमंत्री के सवाल पर यह कहा
सचिन पायलट को घेरने के सवाल पर बिधूड़ी ने कहा कि हम किसी को घेरने की राजनीति नहीं करते। सरकार में बने रहने के लिए कांग्रेस के विधायकों ने जमकर भ्रष्टाचार किया है। उन्होंने कहा कि हमारे यहां राजनीति किसी धर्म, जाति के नाम पर नहीं होती है। सबसे ज्यादा धोखा गुर्जर समाज को साथ हुआ। वहीं सीएम के उम्मीदवार पर उन्होंने कहा कि भाजपा में एक ही सीएम का उम्मीदवार है और वह कमल का फूल है।
