राजस्थान में कांग्रेस का बड़ा दांव : महिलाओं को साल में 10 हजार रुपए और एक करोड़ परिवारों को 500 रुपए में सिलेंडर का वादा, प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर लगाया धर्मवाद व जातिवाद का आरोप
एनसीआई@झुंझुनूं
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को झुंझुनूं में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर बरसीं। वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दो गारंटियां दीं। उन्होंने कहा कि- अगर राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनती है तो एक करोड़ से ज्यादा परिवारों को गैस सिलेंडर 500 रुपए में दिए जाएंगे। इसके अलावा परिवार की मुखिया महिलाओं को सम्मान के तौर पर सालाना 10 हजार रुपए मिलेंगे।
यहां कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि देश-प्रदेश चलाने वालों के पास एक विजन होना चाहिए, जिससे जनता के लिए विकास के कार्य किए जाएं, लेकिन मोदी सरकार के पास जनता के विकास का कोई विजन नहीं है।
वह आगे बोलीं- प्रधानमंत्री मोदी सिर्फ अपने मित्र के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा- शिक्षा की एक नई संस्था नहीं बनाई गई और जो है उसे भी बिगाड़कर रख दिया। अगर ऐसी सरकार होगी तो आपके भविष्य का क्या होगा। प्रियंका गांधी ने यहां कई बार ….प्रधानमंत्री का लिफाफा खाली है….लाइन दोहराई। इसके साथ ही बीजेपी पर धार्मिक व जातिगत अलगाव फैलाने का आरोप भी लगाया। फिर कहा कि वह जातिगत जनगणना पर चुप क्यों है?
‘झुंझुनूं से जली स्वतंत्रता की अलख’
प्रियंका ने आगे कहा-राजस्थान की मिट्टी ने देश को बहुत कुछ दिया है। यह शीशराम ओला जैसे नेता, अनगिनत शहीद सैनिकों और वीरों का प्रदेश है। इस धरती ने अनगिनत शहीद दिए और यहीं से स्वतंत्रता की अलख जली, इसलिए यहां की माताओं को मेरा प्रणाम। सबसे ज्यादा रिटायर्ड सैनिक झुंझुनूं से हैं और सीमा पर तैनात सबसे ज्यादा सैनिक भी झुंझुनूं से ही हैं।
‘झुंझुनूं में गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल’
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि झुंझुनूं भारत की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल भी है। यहां चंचल नाथ जी के टीले में कव्वाली सुनाई देती है और कमरुद्दीन जी की दरगाह में भजन। झुंझुनूं का इतिहास शौर्य का है, जिस पर पूरे देश को गर्व है। इससे पहले प्रियंका गांधी ने झुंझुनूं स्थित ‘इंदिरा गांधी बालिका निकेतन’ में पंडित जवाहरलाल नेहरू, राजीव गांधी और शीशराम ओला की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
सरकार बनने पर कांग्रेस की गारंटी
इस मौके पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि अगर हमारी सरकार वापस बनती है तो एक करोड़ से ज्यादा परिवारों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर देंगे। इसके अलावा परिवार की मुखिया महिलाओं को सम्मान के तौर पर सालाना 10 हजार रुपए मिलेंगे। यह हमारी गारंटी है।
