April 19, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान विधानसभा चुनाव: कल सोमवार से शुरू हो जाएगी यह अहम प्रक्रिया, उम्मीदवार हों या दावेदार, सबकी बढ़ी हुई हैं धड़कनें

राजस्थान विधानसभा चुनाव: कल सोमवार से शुरू हो जाएगी यह अहम प्रक्रिया, उम्मीदवार हों या दावेदार, सबकी बढ़ी हुई हैं धड़कनें

राजस्थान में 30 अक्टूबर यानी कल सोमवार से विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का काम शुरू हो जाएगा। कई बड़े नेताओं ने अपनी नामांकन दाखिल रैली में भीड़ जुटाने के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया है। इनमें पूर्व सीएम वसुंधरा राजे 4 नम्बर, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ 3 नम्बर और उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया 2 नम्बर को अपना पर्चा भरेंगे।

हाईलाइट्स

राजस्थान विधानसभा चुनाव अपडेट

• 30 अक्टूबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

• कांग्रेस अभी 105 और बीजेपी 74 सीटों पर तय नहीं कर पाई है प्रत्याशी

एनसीआई@जयपुर

राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए अभी तक कांग्रेस और बीजेपी में शेष बची टिकटों के लिए मारामारी का दौर चल रहा है। इसी बीच चुनाव आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 अक्टूबर यानी सोमवार से नामांकन-पत्र भरने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। चुनाव के लिए बीजेपी और कांग्रेस सहित अन्य पार्टियों के वे प्रत्याशी जिन्हें टिकट मिल गए हैं, वे अब पर्चा भरने की तैयारियों में जुट गए हैं। परिणाम पक्ष में करने की मशक्कत में जुटे हुए हैं। वहीं जिन दावेदारों के अभी तक टिकट फाइनल नहीं हुए हैं, उनके दिलों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं।

राजस्थान में विधानसभा चुनावों के लिए कल से पर्चा भरने का काम शुरू हो जाएगा। इसे देखते हुए बड़े नेताओं ने नामांकन दाखिल करने की तारीखों का भी ऐलान कर दिया है, ताकि उस दौरान उनके समर्थक जुट सकें। पूर्व सीएम एवं बीजेपी की दिग्गज नेता वसुंधरा राजे 4 नवम्बर को नामांकन दाखिल करेंगी। राजे इस बार भी अपनी परम्परागत झालरापाटन सीट से ही चुनाव लड़ रही हैं। वहीं नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ 3 नवम्बर को अपना पर्चा दाखिल करेंगे। राठौड़ इस बार चूरू से नहीं बल्कि तारानगर से चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर वर्तमान विधायक नरेन्द्र बुडानिया मैदान में हैं।

उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया 2 नवम्बर को भरेंगे अपना पर्चा

बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्तमान उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया 2 नवम्बर को नामांकन भरेंगे। पूनिया वर्तमान में आमेर से विधायक हैं और पार्टी ने उन्हें इस बार फिर आमेर से ही चुनाव मैदान में उतारा है। दूसरी तरफ देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी विजय बैंसला भी 3 नवम्बर को नामांकन भरेंगे। वे पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। बैंसला गुर्जर समाज की आवाज और दबंग नेता रहे कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के बेटे हैं।

कांग्रेस के 105 और बीजेपी के 74 सीटों पर प्रत्याशी फाइनल नहीं हुए

नामांकन भरने की प्रक्रिया शुरू होने वाली और अभी तक कांग्रेस के 105 और बीजेपी की 74 सीटों पर प्रत्याशी फाइनल नहीं हुए हैं। दोनों पार्टियां शेष बची सीटों पर प्रत्यााशी तय करने के लिए मंथन करने में जुटी हुई हैं। उम्मीद जताई जा रही है अब दोनों ही पार्टियों की जम्बो सूचियां आएंगी। कांग्रेस की आज राजधानी दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हो रही है। माना जा रहा है कि कांग्रेस आगामी एक दो दिन में अपने सभी प्रत्याशी घोषित कर देगी। वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी का कहना है कि प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट जल्द आएगी। टिकटों के बाद हो रहे विरोध को लेकर जोशी ने कहा कि ये आक्रोश स्वाभाविक है, लेकिन सभी पार्टी को अपनी मां मानते हैं।

.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.