वनडे वर्ल्ड कप 2023 : इंग्लैंड को 20 साल बाद भारत से मिली शर्मनाश शिकस्त, रचा इतिहास
वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भारतीय टीम का विजयी अभियान जारी है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने अपने छठे मुकाबले में डिफेंडिंग चैम्पियन इंग्लैंड को 100 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत के बाद भारतीय टीम की सेमीफाइनल में एंट्री हो गई, वहीं इंग्लैंड इस रेस से बाहर हो गया।
एनसीआई@लखनऊ
भारत की मेजबानी में खेला जा रहा वनडे वर्ल्ड कप 2023 अब बेहद रोमांचक हो चला है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम अपने शुरुआती सभी 6 मैच जीतकर टॉप पर काबिज है और सेमी फाइनल में एंट्री हो गई है। दूसरी ओर पिछला वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाली इंग्लैंड टीम 6 में से 5 मैच हारकर सेमी फाइनल की रेस से बाहर हो गई है।

भारतीय टीम ने अपना छठा मैच रविवार (29 अक्टूबर) को इंग्लैंड के खिलाफ लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला। इस मैच में भारतीय टीम ने डिफेंडिंग चैम्पियन इंग्लैंड को 100 रनों से करारी शिकस्त दी। यह इग्लैंड के खिलाफ भारत की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है।
जमकर चला रोहित और सूर्या का बल्ला
मैच में भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 9 विकेट पर 229 रन बनाए। मुकाबले में भारत ने 40 रनों पर ही 4 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान रोहित और केएल राहुल के साथ मिलकर 91 रनों की शानदार पार्टनरशिप की और टीम को संकट से उबारा। रोहित ने 101 गेंदों का सामना करते हुए 87 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और तीन छक्के शामिल रहे।
रोहित के अलावा सूर्यकुमार यादव ने भी 49 रन बनाकर भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। इंग्लैंड की ओर से डेविड विली ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए, जबकि क्रिस वोक्स और आदिल राशिद को 2-2 सफलता हासिल की।
भारतीय गेंदबाजों के आगे ढेर अंग्रेज बल्लेबाज
इसके बाद 230 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के आगे शुरुआत से ही लड़खड़ाती नजर आई। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। अंग्रेज टीम इससे बाहर नहीं निकल सकी और 129 रनों पर ही ढेर हो गई। जोस बटलर की कप्तानी वाली इंग्लैंड टीम 34.5 ओवर ही खेल सकी।
इंग्लैंड टीम के लिए सबसे ज्यादा 27 रन लियाम लिविंगस्टोन ने बनाए। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रनों का आंकड़ा नहीं छू सका भारतीय टीम के लिए मोहम्मद शमी ने 4 और जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट झटके। स्पिनर कुलदीप यादव को 2 और रवींद्र जडेजा को 1 सफलता मिली।
