जुर्म का हिसाब: बीटेक की छात्रा को मोबाइल के लिए ऑटो से घसीटकर मारने वाला एनकाउंटर में ढेर
गाजियाबाद में मोबाइल लूटने के लिए बीटेक की एक छात्रा को ऑटो से घसीटने वाले दूसरे आरोपी शातिर बदमाश जीतू को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। मुठभेड़ के दौरान उसे गोली लगी थी। इसके बाद उसने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 27 अक्टूबर को लूट की कोशिश में छात्रा की मौत हो गई थी।
एनसीआई@गाजियाबाद
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बीटेक की छात्रा कीर्ति सिंह से मोबाइल लूटने वाले दूसरे आरोपी जितेन्द्र उर्फ जीतू को उत्तर प्रदेश पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। यह एनकाउंटर रविवार देर रात हुआ था।
मसूरी थाना क्षेत्र में गंगनहर पटरी पर हुई मुठभेड़ में वह घायल हो गया था। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसकी मौत हो गई। इस एनकाउंटर में एक पुलिसकर्मी भी हुआ घायल हुआ है।
उल्लेखनीय है कि 27 अक्टूबर को बीटेक की छात्रा कीर्ति सिंह जब ऑटो से जा रही थी, तब आरोपियों ने उससे मोबाइल लूटने की कोशिश की थी। इसके लिए बदमाशों ने कीर्ति को ही अप से नीचे खींचने की कोशिश की। इस दौरान कीर्ति ने आरोपियों का बहादुरी से मुकाबला किया, मगर इस मशक्कत में वह ऑटो से बाहर गिर गई। कीर्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। एनकाउंटर में मारे गए आरोपी शातिर बदमाश जितेन्द्र ऊर्फ जीतू पर 9 मुकदमे दर्ज थे।

यह है पूरा मामला
रिपोर्ट के मुताबिक 27 अक्टूबर को जब बाइक पर सवार बदमाशों ने ऑटो में बैठी बीटेक छात्रा कीर्ति सिंह से मोबाइल छीनने की कोशिश की तो उसने इसका विरोध किया। इसके बाद बदमाशों ने उसका हाथ खींचकर उसे ऑटो से गिरा दिया। इसके बाद कीर्ति 15 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही।
गम्भीर घायल होने के बाद कीर्ति को गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसके शरीर में दो फ्रेक्चर हुए थे। सिर में भी गंभीर चोट आई थी। छात्रा को इलाज के दौरान आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
इस मामले में मसूरी थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दूसरा फरार था। इसी फरार जीतू को पुलिस ने एनकाउंटर में अब ढेर कर दिया है।
हापुड़ की रहने वाली थी कीर्ति सिंह
उल्लेखनीय है कि कीर्ति सिंह हापुड़ शहर के पन्नापुरी इलाके की रहने वाली थी। वो गाजियाबाद के ABES इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक फर्स्ट ईयर की छात्रा थी। 27 अक्टूबर को कीर्ति कॉलेज से अपनी फ्रेंड दीक्षा के साथ ऑटो से घर लौट रही थी। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मसूरी थाना क्षेत्र में डासना फ्लाई ओवर के पास बाइक सवार दो बदमाश उसके पीछे पड़ गए। उन्होंने ऑटो के पास अपनी बाइक धीमी की और कीर्ति के हाथ से मोबाइल छीनने लगे। कीर्ति ने मोबाइल नहीं छोड़ा और बदमाशों से भिड़ गई।
छीना-झपटी के दौरान बदमाशों ने छात्रा को ऑटो से बाहर खींच लिया और मोबाइल लेकर फरार हो गए। इस दौरान कीर्ति सड़क पर घसीटती रही। घटना के बाद मसूरी थाने में काम करने वाले रविंद्र चंद्र पंत को सस्पेंड कर दिया गया था, जबकि इस थाने में तैनात तीन इंस्पेक्टर को वहां से हटा दिया गया था।
