कोटा में बगावती तेवर: बीजेपी ने नाम नहीं किया घोषित, मगर भवानी सिंह राजावत ने पहले ही भर दिया पर्चा, पार्टी सर्वे का दिया हवाला
राजस्थान बीजेपी की तीसरी सूची कल गुरुवार को जारी होने की सम्भावना है। पहले की दो सूचियां में भी अपना नाम नहीं होने के बावजूद बगावती तेवर अपनाए हुए कोटा की लाडपुरा विधानसभा सीट से पूर्व बीजेपी विधायक भवानी सिंह राजावत ने आज बुधवार को अपना पर्चा दाखिल कर दिया। इस सीट पर अभी बीजेपी की कल्पना देवी विधायक हैं। इनसे पहले भवानी सिंह ही यहां से विधायक थे।
एनसीआई@कोटा
राजस्थान विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अभी तक बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की दो सूचियां जारी की हैं, उनमें नाम नहीं होने के बावजूद लाडपुरा सीट से पूर्व में विधायक रह चुके भवानी सिंह राजावत ने पार्टी प्रत्याशी के तौर पर आज अपना नामांकन दाखिल कर दिया। फिलहाल यहां से बीजेपी की ही कल्पना देवी विधायक हैं। बीजेपी ने अभी तक लाडपुरा सीट से किसी को भी अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। उल्लेखनीय की भवानी सिंह राजावत को यह आशंका है कि इस बार भी उनकी जगह कल्पना देवी को ही वापस बीजेपी से टिकट मिल सकता है। इसी के चलते वह बगावती तेवर अपनाए हुए हैं।

इस मसले पर भवानी सिंह राजावत का कहना है कि वह सर्वे में नम्बर वन चल रहे हैं। इसी के आधार पर उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया है। पार्टी से अगर टिकट मिलता है तो वह अपना सिम्बल बाद में दाखिल कर देंगे, मगर पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया तो वह निर्दलीय नामांकन भरेंगे। इससे कुछ दिन पहले राजावत ने यहां तक कहा था कि अगर बीजेपी ने उन्हें टिकट नहीं दिया तो वह कांग्रेस के प्रस्ताव पर भी विचार कर सकते हैं।
कार्यकर्ताओं की भावना के चलते लिया निर्णय
पूर्व विधायक राजावत के अनुसार पार्टी के सर्वे में उनका नाम नम्बर वन पर चल रहा है। इसी के चलते कार्यकर्ताओं की भावनाओं को देखते हुए उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। भवानी सिंह नयापुरा के नेहरू पार्क के पास से रैली के रूप में अपने कार्यकर्ताओं के साथ जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंचे और नामांकन दाखिल किया।
