April 25, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: एक कारोबारी के 21 ठिकानों पर इनकम टेक्स डिपार्टमेंट की ताबड़तोड़ छापेमारी, 17 से अधिक ठिकाने तो जयपुर में ही, गम्भीर अनियमिताएं आईं सामने

राजस्थान: एक कारोबारी के 21 ठिकानों पर इनकम टेक्स डिपार्टमेंट की ताबड़तोड़ छापेमारी, 17 से अधिक ठिकाने तो जयपुर में ही, गम्भीर अनियमिताएं आईं सामने

राजस्थान में चुनावी गहमागहमी के बीच आयकर विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई भी जारी है। आयकर विभाग की टीमों ने शुक्रवार को एक बजरी कारोबारी के 21 ठिकानों पर छापेमारी की।

एनसीआई@जयपुर

राजस्थान में चुनावी गहमागहमी के बीच ईडी और इनकम टेक्स डिपार्टमेंट की कार्रवाई भी लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को आयकर विभाग ने राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में एक बजरी कारोबारी के 21 ठिकानों पर छापेमारी की है।

छापेमारी बजरी कारोबारी निलेश गढ़िया ग्रुप और उसके सहयोगी समूहों के ठिकानों पर चल रही है। जयपुर में निलेश गढ़िया के एनआरआई कॉलोनी स्थित घर और जगतपुरा स्थित ऑफिस पर आईटी की टीमें सर्च कर रही हैं। जानकारी के अनुसार आईटी की टीमें जयपुर, कुचामन और अजमेर में छापेमारी कर रही हैं। आयकर विभाग को इस रेड के दौरान कई तरह की अनियमितता मिली हैं।

आयकर विभाग से मिली जानकारी के अनुसार निलेश गढ़िया के सहयोगी ग्रुपों में गोदारा ग्रुप, इंजीनियर एंड इंजीनियर ग्रुप और शशिपाल कुमावत ग्रुप पर आयकर विभाग छापे की कार्रवाई कर रहा है। निलेश के तार फास्फेट माइंस के कई अन्य कारोबारों से भी जुड़े हैं। इस ग्रुप की जानकारी जयपुर में कांस्टीट्यूशनल क्लब के निर्माण के दौरान सामने आई थी। बनास नदी से बजरी उठाने का ठेका इस ग्रुप के पास है।

सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग की टीम को बजरी कारोबारी के ठिकानों पर अघोषित आय और भारी अनियमितताओं का इनपुट मिला था। शिकायत मिलने के बाद आयकर विभाग के अधिकारियों ने टीम गठित करके बजरी कारोबारी के यहां छापेमारी की। आयकर विभाग की टीमें कारोबारी के घर, दफ्तर और अन्य ठिकानों पर भी सर्च कर रही हैं। आयकर विभाग की अन्वेषण शाखा दस्तावेजों की भी जांच पड़ताल कर रही है।

21 ठिकानों पर कार्रवाई

आयकर इन्वेस्टिगेशन विंग ने प्रदेश भर में 21 ठिकानों पर छापेमारी की है। इस कार्रवाई के तहत जयपुर में 17 से ज्यादा ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की है। इसके अलावा कुचामन में तीन और अजमेर में एक ठिकाने पर कार्रवाई की जा रही है। आयकर विभाग ने कुछ अन्य ग्रुप पर भी छापेमारी की है। इस ग्रुप के पास बनास नदी सहित पूरे राजस्थान में बजरी का ठेका है। आयकर विभाग की टीमें बजरी कारोबारी के बैंक लॉकर्स को भी खंगालने की तैयारी कर रही हैं। इसके साथ ही कारोबारी के ठिकानों पर दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। आयकर विभाग की जांच में अघोषित आय के साथ ही बेनामी सम्पत्तियों के राज खुलने की भी सम्भावना है। इस कार्रवाई में 100 से अधिक आयकर विभाग के कर्मचारी शामिल हैं। इस बजरी कारोबारी के ठिकानों पर कार्रवाई से अन्य कारोबारियों में भी हड़कम्प मचा हुआ है।

सरकार को प्रति टन दे रहे 100 रुपए, आमजन से ले रहे 750 रुपए

आयकर विभाग को जानकारी मिली थी कि प्रदेश में बजरी खनन करने वाले कुछ ही ग्रुप हैं। ये ग्रुप सरकार को 100 रुपए प्रति टन के हिसाब से पैसा देते हैं, वहीं ये आमजन से 750 रुपए प्रति टन के हिसाब से चार्ज करते हैं। सुप्रीम कोर्ट की रोक हटने के बाद भी बजरी व्यापारियों ने प्रति टन की राशि कम नहीं की। इससे आमजन को रोक हटने के बाद भी कोई फायदा नहीं हुआ। बजरी व्यापारी चांदी कूट रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारी मौन बैठकर तमाशा देख रहे हैं। इनकम टेक्स के अधिकारी जल्द ही कुछ और ग्रुप से भी इसे लेकर पूछताछ कर सकते हैं। खान विभाग के कुछ अधिकारियों से भी इस सम्बंध में पूछताछ हो सकती है।

ईडी को भी मिली थी शिकायत

जानकार सूत्रों के अनुसार ईडी को भी कुछ माह पहले इस विषय में कुछ लोगों ने शिकायत की थी। ईडी ने इसे जांच में रखा, लेकिन अभी तक कोई एक्शन नहीं लिया। जानकार बता रहे हैं कि इनकम टेक्स डिपार्टमेंट की इस छापेमारी के बाद ईडी कई बजरी व्यापारियों पर शिकंजा कस सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.