टिकट नहीं मिलने से वसुंधरा राजे के करीबी यूनुस खान ने बीजेपी से दिया इस्तीफा, निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव
एनसीआई@जयपुर
भारतीय जनता पार्टी के नेता और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के करीबी यूनुस खान ने विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर शनिवार को पार्टी छोड़ दी। यूनुस खान वसुंधरा मंत्रिमंडल में केबिनेट मंत्री भी रहे हैं।
राजस्थान की राजनीति के दिग्गज नेता यूनुस खान को लम्बे समय से राज्य की कद्दावर नेता वसुंधरा राजे के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक माना जाता था। यूनुस खान ने भाजपा छोड़ने की घोषणा तब की जब उन्हें पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए डीडवाना से टिकट देने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह पार्टी से बेहद नाराज हो गए।
पार्टी से अलग होने के बाद यूनुस खान ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए डीडवाना से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि हम किसी पार्टी में शामिल नहीं होंगे। हम निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। शुक्रवार को पार्टी द्वारा जारी की गई भाजपा की तीसरी सूची में यूनुस खान का नाम नहीं था। पार्टी ने डीडवाना से जीतेंद्र सिंह जोधा को मैदान में उतारा है। यूनुस खान डीडवाना से दो बार विधायक रह चुके हैं।
