वरिष्ठ नेता प्रमोद कृष्णम का अपनी ही पार्टी पर सनसनीखेज आरोप-‘कांग्रेस के कुछ नेताओं को हिन्दुओं और राम से नफरत, इसलिए नहीं बनाया स्टार प्रचारक’ (2 वीडियो)
कांग्रेस के आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, “गांधी परिवार के बिना कांग्रेस की कोई पहचान नहीं है… पूरे विपक्ष और ‘इंडिया’ गठबंधन के पास प्रियंका गांधी से ज्यादा लोकप्रिय कोई दूसरा नेता नहीं है। अगर कांग्रेस पीएम नरेन्द्र मोदी को कड़ी टक्कर देना चाहती है, तो प्रियंका गांधी को पीएम उम्मीदवार बनाया जाना चाहिए।”
एनसीआई@नई दिल्ली
कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। इस बार वे बीजेपी पर नहीं बल्कि अपनी ही पार्टी पर बयान देकर सुर्खियों में आ गए है। दरअसल, 22 जनवरी 2024 को राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा होने की जब से जानकारी सामने आई है, तभी से देश और प्रदेश में राम मंदिर चुनावी मुद्दा बन गया है। वहीं इस बीच कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि कुछ कांग्रेसी भगवान राम को नहीं मानते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कुछ ऐसे नेता हैं, जिन्हें राम से नहीं बल्कि राम मंदिर से भी नफरत है। हिन्दुत्व से नहीं बल्कि हिन्दू शब्द से भी नफरत है। हिन्दू धर्म गुरुओं का अपमान करना चाहते हैं। उन्हें अच्छा नहीं लगता कि कोई हिन्दू गुरु पार्टी में आए।
कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में नाम न होने पर पार्टी नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, “नाराजगी का कोई कारण नहीं है। हो सकता है उन्हें (कांग्रेस) हिन्दुओं के समर्थन की जरूरत ना हो या किसी हिन्दू धर्म गुरु को स्टार प्रचारक बनाने का जो मकसद होता है, उन्हें उसमें कोई कमी नजर आ रही हो। ये पार्टी का निर्णय है।”
कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने आगे कहा, “मैंने महसूस किया है कि कांग्रेस में कुछ ऐसे नेता हैं जो भगवान राम से नफरत करते हैं। ये नेता ‘हिन्दू’ शब्द से भी नफरत करते हैं, वे हिन्दू धार्मिक गुरुओं का अपमान करना चाहते हैं। उन्हें पसंद नहीं है कि पार्टी में एक हिन्दू धार्मिक गुरु हो।”
कांग्रेस के आचार्य प्रमोद कृष्णम ने एएनआई से कहा, “गांधी परिवार के बिना कांग्रेस की कोई पहचान नहीं है… पूरे विपक्ष और ‘इंडिया’ गठबंधन के पास प्रियंका गाधी से ज्यादा लोकप्रिय कोई दूसरा नेता नहीं है। अगर कांग्रेस पीएम नरेन्द्र मोदी को कड़ी टक्कर देना चाहती है, तो प्रियंका गांधी को पीएम उम्मीदवार बनाया जाना चाहिए।”
बीजेपी का इस बयान पर पलटवार
आचार्य प्रमोद कृष्णम के बयान को कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए नरेन्द्र सलूजा ने X पर ट्वीट कर निशाना साधा है। नरेन्द्र सलूजा ने लिखा कि, कांग्रेस के नेता आचार्य प्रमोद कृष्णन खुद कह रहे है कि “कांग्रेस में कुछ नेता ऐसे है जो भगवान राम से, हिन्दू धर्म से नफरत करते हैं, हिन्दू धर्म गुरुओं का अपमान करते है….” यह है कांग्रेस की सच्चाई…।
स्वामी चक्रपाणि ने दी नसीहत
इसके साथ ही अखिल भारतीय हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि ने भी प्रमोद कृष्णम को सलाह दी है। स्वामी चक्रपाणि ने आचार्य प्रमोद कृष्णम को कांग्रेस छोड़कर राम की शरण में आने की नसीहत दी है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से राम और हिन्दू विरोधी रही है। कांग्रेस अब कालनेमि बन चुकी है। लिहाजा आप जितनी जल्दी हो सके, कांग्रेस छोड़कर राम की शरण में आ जाएं। उल्लेखनीय है कि आचार्य प्रमोद कृष्णम चुनावी राज्यों में कांग्रेस का प्रचार नहीं कर रहे हैं। इसकी वजह उन्होंने खुद का धर्मगुरु होना बताया। उनका कहना है कि शायद पार्टी को चुनावी राज्यों में मेरी जरूरत महसूस नहीं हुई होगी,बाकि यह फैसला करना पार्टी का काम है।
पहले भी कांग्रेस पर उठा चुके हैं सवाल
गौरतलब है कि अगस्त महीने में एमपी के पूर्व सीएम कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में कथावाचक पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा कराई थी। जहां पंडित धीरेन्द्र शास्त्री के छिंदवाड़ा आगमन पर कमलनाथ और नकुलनाथ ने उनका सम्मान किया था। इसके बाद से ही एमपी की सियासत गरमा गई थी। विपक्षी पार्टियों के साथ आचार्य प्रमोद कृष्णम ने ट्वीट कर इस कथा का विरोध किया था। उन्होंने ट्वीट कर लिखा था कि ‘मुसलमानों के ऊपर बुलडोज़र चढ़ाने और आरएसएस का एजेंडा हिन्दू राष्ट्र की खुल्लमखुल्ला वकालत कर के संविधान की धज्जियां उड़ाने वाले भाजपा के स्टार प्रचारक की आरती उतारना कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को शोभा नहीं देता। आज रो रही होगी गांधी की आत्मा और तड़प रहे होंगे पंडित नेहरू और भगत सिंह, लेकिन सेक्युलरिज्म के ध्वज वाहक सब खामोश हैं।
कमलनाथ ने दिया था यह जवाब
इस बयान के बाद बीजेपी ने कमलनाथ और कांग्रेस को घेरना शुरू कर दिया था। आचार्य प्रमोद कृष्णम और बीजेपी के सवालों पर कमलनाथ ने भी जवाब दिया था। उन्होंने प्रमोद कृष्णम का बिना नाम लिए कहा था कि धीरेन्द्र शास्त्री की कथा छिंदवाड़ा का सौभाग्य है। सवाल उठाने वालों के पेट में दर्द क्यों हो रहा है।
.
