April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

रेत माफिया का तांडव: एसआई को ट्रेक्टर से कुचलकर मार डाला, साथी जवान गम्भीर घायल, मंत्री बोले-ऐसा होता रहता है

रेत माफिया का तांडव: एसआई को ट्रेक्टर से कुचलकर मार डाला, साथी जवान गम्भीर घायल, मंत्री बोले-ऐसा होता रहता है

एनसीआई@पटना

बिहार के जमुई में बेखौफ रेत माफियाओं ने एक दारोगा (सब इंस्पेक्टर) की बालू लदे ट्रेक्टर से कुचल कर हत्या कर दी। पुलिस टीम बालू लदे ट्रेक्टर को रोकने पहुंची थी। इसी दौरान यह घटनाक्रम हुआ। इस वारदात से पुलिस महकमे में हड़कम्प मच‌ गया है। वहीं एक बार फिर नीतीश कुमार-तेजस्वी यादव सरकार की कानून व्यवस्था पर गम्भीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार अवैध बालू रेत खनन की सूचना पर सब इंस्पेक्टर प्रभात रंजन होमगार्ड के जवान राजेश कुमार साह को साथ लेकर सुबह करीब सात बजे मौके पर पहुंचे थे। यहां बालू लदे ट्रेक्टर को देख उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर इतना बेखौफ निकला कि उसने ट्रेक्टर रोकने की जगह उसे सब इंस्पेक्टर पर ही चढ़ा दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साथी होमगार्ड जवान गम्भीर घायल हो गए।

यह सनसनीखेज वारदात गरही थाना इलाके के रोपावेल के पास हुई। ट्रेक्टर से कुचलकर मारे गए दारोगा 2018 बैच के एसआई प्रभात रंजन हैं। इस वारदात की सूचना मिलते ही अधिकारियों में हड़कम्प मच गया।

मामले की सूचना मिलते ही गरही थाना प्रभारी अमरेश कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एसआई प्रभात रंजन को मृत घोषित कर दिया गया। एसपी शौर्य सुमन भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

नीतीश के मंत्री- ऐसा होता रहता है, बिहार में भी, यूपी-एमपी में भी

अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने फिर से बेहद विवादित बयान दे दिया है। जमुई में बालू माफिया द्वारा एक दारोगा की कुचलकर हत्या कर देने के सवाल पर शिक्षा मंत्री ने बड़े गैर जिम्मेदाराना तरीके से मीडिया से पूछा कि ‘ये नई घटना है? ऐसी घटना पहली बार हुई है? इससे पहले कभी नहीं हुई है? उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में नहीं होता है? इस तरह की घटनाएं तो होती रही हैं, बिहार के भीतर। समय-समय पर इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। पुलिस-प्रशासन अपराधियों को मुंहतोड़ जवाब देती है। अपराधी कितनी देर तक बच पाते हैं? अपराधी संगीन अपराध करते हैं और उसका प्रतिफल होता है कि वह जेल में होते हैं और उन्हें सजा मिलती है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस तरह के अपराध होते रहते हैं। इसके खिलाफ सरकार कार्रवाई करेगी।

भाजपा ने कहा- ठगबंधन सरकार माफियाओं के हाथों में बिक चुकी है

वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने इस मसले पर पलटवार करते हुए कहा कि नीतीश-तेजस्वी की शह पर बालू माफियाओं ने बिहार पुलिस के सब-इंस्पेक्टर पर ट्रेक्टर चढ़ाकर बेमौत मार डाला। बिहार में बालू माफिया, शराब माफिया और जमीन माफिया नंगा नृत्य रहे हैं। वह लगातार टारगेट कर ईमानदार पुलिस वालों की हत्या कर रहे हैं। बिहार में शासन नाम का कोई चीज नहीं है। यहां अपराधियों का शासन है। बालू माफिया पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। सम्राट चौधरी ने कहा कि  बिहार में जब पुलिस सुरक्षित नहीं है, तो जनता कैसे जिंदा बचेगी। ठगबंधन सरकार माफियाओं के हाथों में बिक चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.